बेहतर दमोह बन सके और विकसित भारत बन सके उसके लिए निरंतर समीक्षा निरंतर बैठकर चल रही है-सांसद राहुल सिंह
==
वोकल फॉर लोकल का नारा दिया उसको हम लोगों ने जबेरा में जमीन पर उतारा
==
मेडिकल कॉलेज भवन का कार्य पूर्णता की ओर
===
राम जी योजना आने वाले वर्षो में गांव की दिशा और दशा बदलेगी
===
दिशा की बैठक संपन्न
===
सतत् प्रक्रिया है दिशा की बैठक हर तीन माह में होती हैं और जिले में जो विभिन्न विकास कार्य चल रहे हैं, केंद्र सरकार की योजनाएं प्रदेश सरकार की योजनाएं उनकी समीक्षा और आगामी कार्यों के लिए आगामी समय के लिए दिशा-निर्देश तय करते हैं। बड़ी प्रसन्नता की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का वोकल फॉर लोकल का जो नारा दिया था उसको हम लोगों ने जबेरा में जमीन पर उतारा है। हमारे बुंदेलखंड में जो महुआ होता है, उस महुए से कुकीज बनना प्रारंभ हो गया है और बहुत अच्छे तरीके से जनजातीय भाई-बहनों के स्व-सहायता समूह ने बनाया और आने वाले समय में इसकी मार्केटिंग के लिए भी हम लोग चिंता करेंगे। बेहतर दमोह बन सके और विकसित भारत बन सके विकसित दमोह बन सके उसके लिए निरंतर समीक्षा निरंतर बैठकर चल रही है। इस आशय के विचार जिले के सांसद राहुल सिंह लोधी ने कलेक्टर कार्यालय में आयोजित दिशा की बैठक में व्यक्त किये।
सांसद श्री राहुल सिंह ने कहा केन-बेतवा लिंक परियोजना के संबंध में कहा प्रारंभिक स्तर पर उसका सर्वे चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी की सरकार है इस संपूर्ण बुंदेलखंड के एक-एक गांव में पीने का पानी है, पहुचाएंगे यह संकल्प लिया है। मेडिकल कॉलेज का काम भी आखरी स्टेज पर आ गया है और अगले वर्ष उसको कंप्लीट करके हेंड ओवर कर दिया जाएगा तो मेडिकल कॉलेज शुरू हो जाएगा और जहां तक नर्सिंग कॉलेज है, वह भी पाइप लाइन में आ गया है और मुझे लगता है कि अगले 2-3 महीने में मेडिकल कॉलेज के साथ नर्सिंग कॉलेज के लिए भी आदेश जारी हो जाएगा।
सांसद दमोह श्री लोधी ने कहा जिले में संचालित सभी गौशालाओं का औचक निरीक्षण किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि वहां निर्धारित संख्या के अनुरूप गौ-वंश वास्तव में मौजूद हैं या नहीं। इसी को दृष्टिगत रखते हुए आगामी तीन माह तक एक विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत गठित टीम द्वारा सभी गौशालाओं का निरीक्षण किया जाएगा और यह जांच की जाएगी कि शासन द्वारा प्रदत्त राशि वास्तविक रूप से गौ-वंश के हित में व्यय हो रही है या नहीं। यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता पाई जाती है तो संबंधितों के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
सांसद श्री लोधी ने एक अन्य महत्वपूर्ण विषय पर भी निर्णय लिया कि खाद्य विभाग की टीम वर्षभर निरंतर मिठाई दुकानों का निरीक्षण करेगी। यह निरीक्षण केवल दीपावली या दशहरा जैसे त्योहारों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि दमोह के साथ-साथ तेंदूखेड़ा, जबेरा सहित जिले के सभी क्षेत्रों में किया जाएगा, ताकि खोया, पनीर एवं दूध जैसे खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट न हो। इसी प्रकार गौशालाओं का निरीक्षण एवं खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच सहित ये दोनों विषय आगामी समय में निरंतर रूप से संचालित किए जाएंगे।
सांसद श्री राहुल सिंह ने एक और अभियान चलाने के निर्देश दिए जिसके अंतर्गत जिले की समस्त नगरपालिकाओं में बैठक आयोजित कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि जल आपूर्ति किन-किन फिल्टर प्लांट्स से हो रही है तथा उन सभी की जांच की जाए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित पानी की टंकियों एवं फिल्टर पॉइंट्स की भी जांच की जाये। इसके लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देशित किया गया। उन्होंने कहा सभी विकासखंडों में जनपद पंचायत के सीईओ एवं अभियंताओं की बैठक लेकर एक सप्ताह का विशेष अभियान चलाएं और सभी फिल्टर पॉइंट्स का परीक्षण सुनिश्चित करें। जिले में संचालित बड़ी-बड़ी परियोजनाओं में कहीं भी किसी प्रकार की चूक न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाये। उन्होंने कहा मुझे विश्वास है कि आगामी एक सप्ताह में जल टंकियों एवं फिल्टर प्लांट्स की जांच से संबंधित पूरी कार्ययोजना को हम सफलता पूर्वक पूर्ण कर लेंगे। उन्होंने कहा नागरिकों को बेहतर ढंग से जल आपूर्ति हो तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता न रहे इसी उद्देश्य से निरंतर कार्य किया जाये।
सांसद श्री लोधी ने कहा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर पूरे देश में सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया गया था। जिस स्वरूप की हमने कल्पना की थी, उससे कहीं अधिक बेहतर रूप में यह आयोजन संपन्न हुआ। जिले की सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों से लगभग 8,000 से अधिक बच्चों ने इसमें भाग लिया। 16 नवंबर से 21 दिसंबर के बीच यह आयोजन संपन्न हुए। इसकी सबसे सराहनीय बात यह रही कि जिले के अधिकारी, खेल विभाग, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक सहित सभी ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, बच्चों एवं नागरिकों के सहयोग से यह आयोजन एक व्यापक स्वरूप में सामने आया। चूंकि यह आयोजन पहली बार हुआ था, इसलिए हमें यह भी अनुभव हुआ कि इसमें अभी कई सुधार किए जा सकते हैं। समय के साथ एक वर्ष, दो वर्ष, तीन वर्ष निरंतर अनुभव से हम सीखते जाएंगे और जो कमियां रह गई हैं, उन्हें दूर किया जायेगा।
उन्होने कहा हमने तय किया था कि गौड़ खनिज की राशि से छतिग्रस्त विद्यालयों का निर्माण कराएंगे तो दो फेस हो गए हैं अब तीसरे फेस की तैयारी हो रही है। उन्होंने एनएचआई की सड़क दमोह से अभाना, अभाना से जबेरा से कटंगी होते हुए जबलपुर के विषय में भी चर्चा की। उन्होंने कहा टेंडर लगने की स्थिति में है क्योंकि दमोह पाँच जिलों से जुड़ा हुआ है। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा दमोह-सागर रोड को स्वीकृत कर दिया है, उद्देश्य है कि यहां बड़े-बड़े ट्रक शहर में ना गुजरे शहर के बाहर के बाहर निकल जाएं तो ट्रैफिक का दबाव भी कम हो जाएगा।
सांसद राहुल सिंह ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में जी रामजी बिल आया है इसके पहले जो मनरेगा में केवल सौ दिन की रोजगार की गारंटी दी जाती थी लेकिन अब इस बिल से 125 दिन रोजगार की गारंटी मिलेगी। यह जी राम जी योजना आने वाले वर्षों में गॉव की दिशा और दशा बदलेगी।
बैठक में सांसद श्री लोधी ने कहा पिछले एक वर्ष, यह दूसरा वर्ष निरंतर पूरे जिले के अधिकारियों के साथ अलग-अलग स्कूलों में जाकर संवाद किये गये हैं और परीक्षा पर चर्चा हुई है, 11 जनवरी तक प्रधानमंत्री जी बच्चों से चर्चा करेंगे। मीटिंग में यह भी निर्देशित किया गया सभी अधिकारी 20 जनवरी से लेकर 26 जनवरी के बीच में देशभक्ति का पूरा एक समय रहता है, पूरा राष्ट्रभक्ति का वह जोश बना रहता है, सभी मंत्रीगणों से भी आग्रह करेंगे और विधायकों से कि अलग-अलग जगह जाएं और सभी बच्चों से संवाद करें पूरे जिले में एक माहौल डेवलप हो परीक्षा का और फिर जब पॉजिटिव माहौल बनता है, तो फिर उसके परिणाम भी सकारात्मक आती हैं और यह भी तय किया है कि इस बार जब प्रभारी मंत्री 26 जनवरी को आते हैं तो मध्यान भोजन के बाद किसी दसवी या बारहवीं के बच्चों से संवाद करेंगे। प्रयास यह है विकास तो हो और विकास के अलावा बच्चे बेहतर तरीके से पढ़ सके, दोनों में समन्वय बनाएंगे। कलेक्टर श्री कोचर ने कहा अधिकारी निरंतर मार्गदर्शन में काम कर रहे हैं अब इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों का जुड़ाव होगा तो निश्चित ही परिवर्तन देखने को मिलेगा।
कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने बताया जिला स्तर पर दिशा समिति की बैठक हुई है, इस बैठक में जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यो समीक्षा की जाती है। सांसद श्री राहुल सिंह ने अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में अनेक निर्देश दिये गये हैं, निर्देशों का परिपालन सुनिश्चित करायेंगे।
