जितेन्द्र कुमार त्रिपाठी
ब्यूरो प्रमुख बस्ती जनपद
दिनांक: 19 जनवरी 2026
बस्ती : जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्सना की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड (विकास), निर्माण कार्यो, जिला स्वच्छता समिति, जिला पोषण समिति, जिला स्वास्थ्य समिति एवं गौ संरक्षण की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुआ।
बैठक में जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित प्रत्येक विभाग के लक्ष्यों, प्रगति एवं लम्बित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए।, जिन विभागों की प्रगति अपेक्षाकृत कम पायी गयी है उन्हें कारण स्पष्ट करते हुए सुधारात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।
निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सम्बन्धित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिये कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं समय सीमा के भीतर पूर्ण किये जायें। कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार से समझौता न किया जाए, जिन निर्माण कार्यों में प्रगति धीमी पायी गयी है उसमें अपेक्षित प्रगति लाना सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण किया जाए और कार्यों की फोटोग्राफ सहित समय-समय पर प्रस्तुत किये जायें।
जिला स्वच्छता समिति की बैठक में डीपीआरओ ने बताया कि मुख्य विकास अधिकारी व उपाध्यक्ष के मार्गदर्शन में जनपद बस्ती के 150 ग्राम पंचायतों में पायलेट प्रोजेक्ट के रूप में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबन्धन के अन्तर्गत डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन, आर.आर.सी. पर कचरे की छंटायी और कचरे की विक्री से आय सृजन के उद्देश्य से ‘‘स्वच्छता से समृद्धि‘‘ अभियान संचालित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, सचिव और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जनसहभागिता सृजित किये जाने का प्रयास किया जा रहा है। इस अभियान में ग्राम पंचायतों में पूर्व से फैले और डम्प कचरे को साफ कराया जा रहा है, अभियान में शामिल कचरा वाहनों पर स्पष्ट रूप से स्वच्छ भारत मिशन(ग्रामीण), ग्राम पंचायत का नाम, सूखा कचरा व गीला कचरा लिखे जाने का निर्देश दिया गया है। कचरा कलेक्शन हेतु सफाई कर्मचारी का ग्रामवार व गलीवार रोस्टर का सार्वजनिक स्थानों पर दिवार लेखन करा लिया गया है। प्रचार प्रसार और ग्रामवासियों को जोड़ने के लिए कचरा वाहनों पर माईक व लाउडस्पीकर लगाकर जनपद स्तर से दिया गया जिंगल व संदेश प्रसारित किया जा रहा है। अधिकांश ग्राम पंचायतों से उत्साहजनक परिणाम आ रहे हैं।
डीपीआरओ द्वारा बताया गया कि जनपद के कुल 2958 ग्रामों की ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबन्धन की कार्ययोजना पूर्व के वर्षों में भेजी गयी थी किन्तु 6 राजस्व ग्रामों की कार्ययोजना तकनीकी कारणों से नहीं भेजी जा सकी थी। समिति द्वारा अवशेष 6 राजस्व ग्रामों में विकास खण्ड कुदरहा के उमरिया व गनेशपुर, विकास खण्ड परसरामपुर के दहरहरा कुंवर व घोलवा की और विकास खण्ड सांऊघाट के मूड़ाडीहा व उदयपुर की कुल 15,11,980 रूपए की कार्ययोजना भेजे जाने की अनुमति प्रदान की गयी। मिशन निदेशक, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), उ0प्र0 द्वारा राज्य स्तर से जनपद को कुल धनराशि तीन करोड़ रूपये मात्र की क्रेडिट लिमिट का आवंटन ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के पूर्व में हो चुके निर्माण कार्यों हेतु प्राप्त हुआ है जिसके लिये विकास खण्डों (ग्राम पंचायतों) से भुगतान हेतु मांग पत्र मगाया जा रहा है। जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि विकास खण्डों से मांग प्राप्त कर भुगतान हेतु पत्रावली नियमानुसार प्रस्तुत किया जाय।
जिला पोषण समिति की समीक्षा बैठक करते हुए उन्होंने सम्बन्धित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केन्द्रों को शीघ्रातिशीघ्र पूर्ण करायें। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि सैम बच्चों को दवा ससमय उपलब्ध करायें। एनआरसी में भर्ती बच्चों को सभी सुविधाएं मुहैया कराया जाए। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिया कि पोषाहार का वितरण ससमय सुनिश्चित किया जाए।
गौसंरक्षण की समीक्षा करते हुए उन्होंने पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि जिन गौशालाओं में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है वहां नियमानुसार सीसीटीवी कैमरा लगवाना सुनिश्चित करायें तथा केयरटेकरों का भुगतान समय से किया जाए।
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में उन्होंने समस्त एमवाईसी को निर्देश दिया कि ओपीडी, संस्थागत प्रसव की संख्या बढ़ायी जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि आशा संगिनी गर्भवती महिलाओं का प्रसव (डिलेवरी) सरकारी अस्पताल में ही कराये। उन्होंने फेमिली प्लानिंग, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, आशा के भुगतान की समीक्षा करते हुए सम्बन्धित को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 राजीव निगम, पीडी राजेश कुमार, डीपीआरओ घनश्याम सागर, उपायुक्त हरेन्द्र प्रताप, भूमि संरक्षण अधिकारी डा0 राजमंगल चौधरी, बीएसए अनूप तिवारी, डीसी मनरेगा संजय शर्मा, अर्थ एवं संख्या अधिकारी मनोज कुमार श्रीवास्तव सहित सम्बन्धित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
