• Wed. May 13th, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

बिधूना कोतवाली क्षेत्र में एक युवक की हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया गया।

औरैया की बिधूना कोतवाली क्षेत्र के कल्याणपुर जागू गांव में एक युवक की हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया गया। रविवार शाम कूड़ा डालने गए युवक का शव सोमवार को कुएं से बरामद हुआ। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम कल्याणपुर जागू निवासी वी.पी. सिंह घर से कूड़ा डालने गए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। सोमवार को गांव से करीब 500 मीटर दूर पुरहा नदी के पास एक निष्प्रयोज्य कुएं से वी.पी. सिंह का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया गया। परिजनों ने हत्यारोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और न्याय की मांग करते हुए अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) पी. पुनीत मिश्रा और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को आश्वासन दिया कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।पुलिस के ठोस आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और शोकाकुल माहौल में खेतों पर युवक का अंतिम संस्कार किया गया। मृतक के पिता अतर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि पुलिस की टीमें सक्रियता से जांच कर रही हैं।घटना से जुड़े सभी अहम बिंदुओं और साक्ष्यों की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

अन्य ख़बरें