जयपुर, 07 अगस्त। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान-2026 के अंतर्गत 9 अगस्त को आयोजित होने वाली राज्यस्तरीय तिरंगा रैली की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को जिला कलक्टर संदेश नायक की अध्यक्षता में अल्बर्ट हॉल म्यूजियम में आयोजित की गई। जिला कलक्टर ने बताया कि राज्यस्तरीय तिरंगा रैली का आयोजन राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में होगा। तिरंगा रैली 9 अगस्त को प्रातः 9.30 बजे अल्बर्ट हॉल से सांगानेरी गेट, त्रिपोलिया गेट होते हुए बड़ी चौपड़ तक निकाली जाएगी।
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि अभियान के तहत आयोजित सभी गतिविधियों में अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा तिरंगा रैली का आयोजन पूरी गरिमा, अनुशासन एवं उत्साह के साथ किया जाए।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि रैली के मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल, चिकित्सा सहायता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। साथ ही सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें ताकि अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
बैठक में पुलिस, नगर निगम, जयपुर विकास प्राधिकरण, जिला परिषद, शिक्षा, परिवहन, पर्यटन, खेल, चिकित्सा, महिला एवं बाल विकास, सूचना एवं जनसंपर्क सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।
