सोशल मीडिया विवाद से शुरू हुई रंजिश हिंसक वारदात में बदली; पुलिस का दावा—पूछताछ में सामने आया हमला का सच , घायल शिक्षक को वाहन में घुमाने और नदी किनारे छोड़ने का घटनाक्रम
चाणक्य न्यूज़ इंडिया | विशेष रिपोर्ट
श्यामल प्रतीक | रक्सौल अनुमंडल रिपोर्टर
मोतिहारी। बंजरिया थाना क्षेत्र के सिसवा गांव में सरकारी शिक्षक शमशाद की हत्या के बाद पूर्वी चंपारण पुलिस ने जिस तेजी से कार्रवाई शुरू की, उसका असर अब जांच में भी दिखाई देने लगा है। मुख्य आरोपी और पूर्व पंचायत समिति प्रमुख चमन की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूछताछ में वारदात से जुड़ी कई महत्वपूर्ण कड़ियां सामने आने का दावा कर रही है।
17 सितंबर की इस घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष जांच टीम गठित की, संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और आरोपी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। आखिरकार 22 सितंबर को पुलिस ने चमन को नगर थाना क्षेत्र में मधुबन छावनी से धर्म समाज जाने वाली सड़क के पास गिरफ्तार कर लिया। अगले दिन उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया है कि शिक्षक शमशाद और चमन के बीच सोशल मीडिया पर लिखी जा रही बातों को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। जांच में यह बात भी सामने आई है कि आरोपी इस बात से नाराज था कि शिक्षक उसके खिलाफ सोशल मीडिया पर टिप्पणी कर रहे थे।
17 सितंबर की शाम स्कूल से घर लौट रहे शमशाद का पंचायत सरकार भवन के पास चमन से सामना हुआ। पुलिस के मुताबिक, पहले कहासुनी हुई और उसके बाद विवाद हिंसक हो गया।
आरोपी ने पूछताछ में कथित रूप से दावा किया कि विवाद के दौरान शिक्षक ने हेलमेट से उस पर हमला किया। इसके बाद उसने पंचायत सरकार भवन के पास रखी लाठी उठा ली और शिक्षक पर कई बार वार किया। पुलिस अब इस कथित बयान का पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल, बरामद लाठी और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों से मिलान कर रही है।
जांच का सबसे गंभीर पहलू इसके बाद का घटनाक्रम है। पुलिस का दावा है कि मारपीट के बाद गंभीर रूप से घायल शिक्षक को एक स्कॉर्पियो में रखकर इलाके में घुमाया गया। बाद में दूसरी गाड़ी मंगाई गई और घायल शिक्षक को उसमें स्थानांतरित कर जनेरवा के पास नदी किनारे झाड़ियों में छोड़ दिया गया।
यहीं से पुलिस जांच का दायरा मुख्य आरोपी से आगे बढ़ता दिखाई दे रहा है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि दोनों वाहनों में कौन-कौन मौजूद था, वाहन किसके थे, उन्हें किसने उपलब्ध कराया और घायल शिक्षक को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने में किन लोगों की भूमिका थी।
ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने रात करीब साढ़े आठ बजे जनेरवा नदी किनारे झाड़ियों से गंभीर रूप से घायल शमशाद को बरामद किया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
शिक्षक की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। सदर अस्पताल के बाहर शव रखकर विरोध और सड़क जाम किया गया। बाद में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति नियंत्रित हुई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास से साक्ष्य जुटाने के साथ पंचायत सरकार भवन के पास से एक लाठी भी बरामद की है। पुलिस का मानना है कि यह जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा हो सकती है। अब इसकी फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि कथित हमले और बरामद साक्ष्यों के बीच कितना मेल बैठता है।
जांच में मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, संभावित सीसीटीवी फुटेज, वाहनों की आवाजाही और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यदि घायल शिक्षक को अलग-अलग वाहनों में ले जाने की बात तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों से पुष्ट होती है, तो मामले में अन्य लोगों की भूमिका भी और स्पष्ट हो सकती है।
इस हत्याकांड में पुलिस की अब सबसे बड़ी चुनौती सिर्फ मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं, बल्कि पूरी साक्ष्य-श्रृंखला को न्यायालय के सामने मजबूती से रखना है। यह भी स्पष्ट करना होगा कि घटना के दौरान और उसके बाद किन-किन लोगों ने आरोपी की मदद की, किसने वाहन उपलब्ध कराया और फरारी के दौरान उसे कहीं से संरक्षण मिला या नहीं।
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी से मामले की जांच ने एक महत्वपूर्ण मोड़ जरूर लिया है, लेकिन असली परीक्षा अब शुरू हुई है। पुलिस के सामने जिम्मेदारी है कि पूछताछ में सामने आए कथित घटना
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी से मामले की जांच ने एक महत्वपूर्ण मोड़ जरूर लिया है, लेकिन असली परीक्षा अब शुरू हुई है। पुलिस के सामने जिम्मेदारी है कि पूछताछ में सामने आए कथित घटनाक्रम को केवल बयान तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उसे पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच, मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज, वाहन और गवाहों के बयानों से जोड़कर ऐसी ठोस तस्वीर तैयार की जाए, जो न्यायालय में टिक सके।
शिक्षक शमशाद हत्याकांड अब केवल एक गिरफ्तारी का मामला नहीं रह गया है। यह पुलिस जांच की उस क्षमता की परीक्षा है, जिसमें हर कड़ी को साक्ष्य से जोड़कर वारदात में शामिल सभी लोगों की भूमिका सामने लाई जानी है।
