चाणक्य न्यूज़ इंडिया | रक्सौल
श्यामल प्रतीक | रक्सौल अनुमंडल रिपोर्टर
रक्सौल। शहर में रविवार को आयोजित शाखा स्तरीय ‘भारत को जानो’ प्रश्न मंच–2026 में विद्यार्थियों ने सामान्य ज्ञान से लेकर भारतीय इतिहास, संस्कृति, संविधान और राष्ट्रीय विषयों तक अपनी मजबूत पकड़ दिखाई। प्रतियोगिता में नौ विद्यालयों के 28 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
भारत विकास परिषद् की रक्सौल शाखा की ओर से बैंक रोड स्थित श्री सत्यनारायण मारवाड़ी पंचायती मंदिर परिसर में आयोजित प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में कैम्ब्रिज पब्लिक स्कूल के अभिनव मिश्रा प्रथम रहे, जबकि चन्द्रशील इंग्लिश स्कूल के अंकित कुमार ने दूसरा स्थान हासिल किया। कनिष्ठ वर्ग में कैम्ब्रिज पब्लिक स्कूल के मयंक कुमार ने प्रथम तथा संत माइकल इंग्लिश स्कूल के सर्वेश साह ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
प्रश्न मंच के अलग-अलग राउंड में विद्यार्थियों से भारतीय इतिहास, भूगोल, संस्कृति, संविधान, महापुरुषों, खेल और समसामयिक राष्ट्रीय विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे गए। कई राउंड में प्रतिभागियों के बीच नजदीकी मुकाबला देखने को मिला। विद्यार्थियों ने त्वरित जवाब देकर अपनी स्मरणशक्ति और आत्मविश्वास का परिचय दिया।
विजेता प्रतिभागियों को मेडल, मोमेंटो और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में शामिल अन्य प्रतिभागियों को भी सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। शाखा स्तर पर दोनों वर्गों में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी 4 अक्टूबर को मुजफ्फरपुर में आयोजित प्रांतीय ‘भारत को जानो’ प्रश्न मंच में रक्सौल का प्रतिनिधित्व करेंगे।
आयोजकों के अनुसार 31 अगस्त को आयोजित अखिल भारतीय ‘भारत को जानो’ लिखित परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन शाखा स्तरीय प्रश्न मंच के लिए किया गया था। इसमें कैम्ब्रिज पब्लिक स्कूल, संत माइकल इंग्लिश स्कूल, एसएवी स्कूल, भारती पब्लिक स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर, चन्द्रशील इंग्लिश स्कूल, जयंत एकेडमी, एमजीएम इंटरनेशनल स्कूल और डीपीएम स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन परिषद के संरक्षक भरत प्रसाद गुप्त, अवधेश सिंह, शाखा अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी, सचिव नरेश कुमार और संस्कार संयोजक नीतेश कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद भारत माता और स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि ‘भारत को जानो’ जैसे आयोजन विद्यार्थियों को देश के इतिहास, संस्कृति और राष्ट्रीय विरासत से परिचित कराने के साथ उनके ज्ञान और आत्मविश्वास को भी बढ़ाते हैं।
कार्यक्रम शाखा अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी की अध्यक्षता और संस्कार संयोजक नीतेश कुमार सिंह के संयोजन में हुआ। मंच संचालन कोषाध्यक्ष सुनील कुमार ने किया। कार्यक्रम की जानकारी सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ ने दी।
