सेवा संकल्प CAMPAIGN
185 आंगनबाड़ी केंद्रों में हुआ आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम
कार्यकर्ता, सहायिका एवं मितानिन सम्मानित, पोषण और बच्चों के स्वास्थ्य पर दिया जोर
बलौदाबाजार, 29 सितंबर 2026। सेवा संकल्प CAMPAIGN के अंतर्गत जिले में 25 सितंबर से आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को जिले के 185 आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में माताओं और स्थानीय समुदाय की भी सक्रिय सहभागिता रही।

कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में पौधरोपण, बच्चों के लिए खेल-कूद, कहानी, चित्रकारी एवं रंग भरने जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, एनीमिया की रोकथाम तथा बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास की निगरानी के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। केंद्रों में आकर्षक रंगोली सजाकर बच्चों और माताओं के लिए उत्साहपूर्ण वातावरण तैयार किया गया।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों के सुपोषण, स्वास्थ्य एवं शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
मस्ती और उमंग में झूमीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता

आंगन मिलन कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। महिलाओं ने सामूहिक रूप से विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया और मस्ती एवं उमंग के साथ झूमते हुए कार्यक्रम का आनंद लिया। इससे आंगनबाड़ी केंद्रों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों, माताओं और समुदाय के बीच संवाद एवं सहभागिता का प्रभावी केंद्र बनाना तथा पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और बाल विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
