*उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए डाककर्मी सम्मानित*
*झीपियां शाखा डाकघर की शाखा डाकपाल लीना उपाध्याय को मिला सम्मान*
शंभू दयाल व्यास , ब्यावर
ब्यावर । निकटवर्ती झीपियां शाखा डाकघर की शाखा डाकपाल लीना उपाध्याय को डाक जीवन बीमा योजना के विशेष अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर शुक्रवार को विभाग द्वारा आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सितंबर माह में डाक विभाग के ब्यावर मंडल द्वारा डाक जीवन बीमा योजना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया था। इस अभियान में उल्लेखनीय योगदान देने वाले डाककर्मियों को डाक सप्ताह के दौरान उपखंड नसीराबाद स्थित मुख्य डाकघर परिसर में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया।
समारोह में उपखंड के लगभग 18 डाककर्मियों को डाक जीवन बीमा अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए सम्मानित किया गया। इस दौरान ब्यावर मंडल के डाक अधीक्षक कमलेश प्रजापत तथा नसीराबाद उपखंड के डाक निरीक्षक विजय सिंह ने डाककर्मियों को प्रोत्साहित करते हुए उनके कार्यों की सराहना की। इसी क्रम में जामोला उपडाकघर में कार्यरत मुकेश पारीक तथा जामोला उपडाकघर के अंतर्गत आने वाले झीपियां शाखा डाकघर की शाखा डाकपाल लीना उपाध्याय को भी डाक जीवन बीमा अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
