*हिंदू हेल्पलाइन के तत्वावधान में कन्या पूजन कार्यक्रम संपन्न*
कन्याओं का पूजन कर लिया सुख-समृद्धि एवं खुशहाली का आशीर्वाद
शम्भू दयाल व्यास
ब्यावर। हिंदू हेल्पलाइन ब्यावर के तत्वावधान में नवरात्रि के पावन अवसर पर शनिवार को विजयनगर रोड स्थित बी.एल. सोनी इंग्लिश मीडियम स्कूल में श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में माता रानी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनका पूजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान फूलों एवं गुलाल से आकर्षक रंगोली सजाई गई तथा माता रानी का भव्य एवं सुंदर दरबार तैयार किया गया। इसके पश्चात कन्याओं को आसन पर विराजमान कर उनके चरण दूध से धोए गए और चुनरी ओढ़ाकर विधि-विधान से पूजन किया गया। सभी ने कन्याओं का आशीर्वाद लेकर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर संगठन संरक्षक उम्मेद शर्मा ने नवरात्रि में कन्या पूजन के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में कन्याओं को देवी शक्ति का स्वरूप माना गया है। कन्या पूजन नारी शक्ति के सम्मान, श्रद्धा और संस्कारों का प्रतीक है। हमें केवल धार्मिक आयोजनों तक ही नहीं, बल्कि अपने दैनिक जीवन में भी बालिकाओं का सम्मान, सुरक्षा और शिक्षा सुनिश्चित करने का संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक आरती, हनुमान चालीसा पाठ एवं प्रसाद वितरण किया गया। भक्तिमय वातावरण में कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम में हिंदू हेल्पलाइन के प्रांत अध्यक्ष मुकेश सोनी, कार्यवाहक नगर अध्यक्ष एडवोकेट सुनील दुबे, नगर संगठन मंत्री विनीत अग्रवाल, सोशल मीडिया प्रभारी विशाल माथुर, मंत्री राजेंद्र सांखला, मंत्री गौरव अग्रवाल, गोपाल सांखला, गिरीश सोनी, पुष्पा शर्मा, जय शर्मा, इंदिरा सोनी, तनीषा साहू, रोशनी भाटी, दिव्या शर्मा सहित संगठन के कार्यकर्ता एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
