• Sat. Oct 17th, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

पंचायत चुनावों को लेकर भाजपा ने तेज की तैयारियां

पंचायती राज चुनाव को लेकर भाजपा ने तेज की तैयारियां, दावेदारों के पैनल बनाने के निर्देश

जिला कोर कमेटी की बैठक में चुनाव प्रबंधन समितियों और वार्ड प्रभारियों की नियुक्ति, 140 जिला परिषद और 670 पंचायत समिति के आवेदन प्राप्त

शम्भू दयाल व्यास

ब्यावर । पंचायती राज चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अशोक गार्डन, ब्यावर में भाजपा जिला कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में चुनावी रणनीति, दावेदारों के पैनल तैयार करने, संगठनात्मक जिम्मेदारियां तय करने तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद एवं जिला चुनाव प्रभारी पुष्प जैन उपस्थित रहे। वहीं कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष सांड, ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत, मसूदा विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत तथा जिला संगठन प्रभारी विमल अग्रवाल की गरिमामय उपस्थिति रही।

जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों पर मंथन

भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष सांड ने बताया कि आगामी पंचायती राज चुनाव को लेकर अब तक जिला परिषद के लिए 140 तथा सात पंचायत समितियों के लिए 670 आवेदन प्राप्त हुए हैं। बैठक में इन आवेदनों के आधार पर चुनावी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने और सभी दावेदारों के पैनल तैयार करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पूर्व सांसद एवं जिला चुनाव प्रभारी पुष्प जैन ने कहा कि राष्ट्र प्रथम, संगठन सर्वोपरि और जनसेवा भाजपा का संकल्प है। आगामी पंचायती राज चुनाव में संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण रहेगी। प्रदेश स्तर से नियुक्त प्रभारियों एवं मंडल अध्यक्षों को प्राप्त आवेदनों का व्यवस्थित अध्ययन कर सभी दावेदारों के पैनल तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रदेश नेतृत्व के विकसित राजस्थान के संकल्प एवं संकल्प पत्र की भावनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी आमजन को देने का आह्वान किया।

सात पंचायत समितियों में चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी तय

बैठक में चुनाव संचालन को प्रभावी बनाने के लिए जिला चुनाव प्रबंधन समिति, जिला परिषद के वार्डवार प्रभारियों तथा रायपुर, जैतारण, रास, नरबदखेड़ा, जवाजा, बदनोर और मसूदा पंचायत समितियों के लिए चुनाव प्रबंधन समितियों एवं वार्ड प्रभारियों की नियुक्ति की गई। इसके माध्यम से चुनावी गतिविधियों में समन्वय, दावेदारों के पैनल तैयार करने और संगठन की योजनाओं को धरातल पर लागू करने पर जोर दिया गया।

बैठक में रायपुर पंचायत समिति प्रभारी आजाद शर्मा (भीलवाड़ा), बदनोर प्रभारी वेद प्रकाश दाधीच, जैतारण प्रभारी शक्ति सिंह सिनसिनवार, जवाजा प्रभारी उपेंद्र सिंह राजपुरोहित एवं सहप्रभारी धीरज पांडे, रास प्रभारी महावीर शर्मा, नरबदखेड़ा प्रभारी अनीश मोयल तथा मसूदा प्रभारी ललित लकवाल सहित चुनाव जिला संयोजक नरेश कनोजिया उपस्थित रहे।

इसके अलावा भाजपा ओबीसी मोर्चा के पूर्व प्रदेश संयोजक विक्रांत सिंह रावत, बदनोर मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, जवाजा मंडल अध्यक्ष संतोष रावत, जैतारण विधानसभा संयोजक देवेंद्र सिंह बाबरा, नीलकंठ महादेव मंडल अध्यक्ष प्रदीप सिंह, भालिया मंडल अध्यक्ष कुशाल सिंह, जय सिंह सहित जिलेभर के मंडल अध्यक्ष एवं पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में संगठनात्मक समन्वय, चुनावी प्रबंधन और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से आगामी पंचायती राज चुनाव में पार्टी की तैयारियों को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।