पोकरण में धूमधाम से हुआ रावण दहन, भव्य आतिशबाजी ने मोहा मन
रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन देखने उमड़ा जनसैलाब
पोकरण एंकर धर्म की अधर्म पर विजय के प्रतीक विजयादशमी पर्व के अवसर पर मंगलवार को पोकरण के स्व. गोविन्द सिंह परिहार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान रावण के साथ कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। कार्यक्रम को देखने के लिए पोकरण शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
नगर पालिका प्रशासन की ओर से इस अवसर पर भव्य आतिशबाजी की गई। आसमान में रंग-बिरंगी आतिशबाजी के नजारों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। रावण दहन के साथ ही मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। पूरे आयोजन के दौरान लोगों में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी, नगर पालिका अध्यक्ष कल्पना गोपाल रंगा, उपखंड अधिकारी हीरसिंह चारण, नगर पालिका उपाध्यक्ष सवाई सिंह, समाजसेवी नारायण रंगा तथा नगर पालिका अधिशासी अधिकारी जब्बरसिंह सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
