• Thu. May 14th, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

दमोह 11.22 लाख रूपये की लागत से निर्मित आंगनबाड़ी भवन का हुआ लोकार्पण

नवीन भवन के निर्माण से क्षेत्र में बच्चों के सर्वांगीण विकास, पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा-राज्यमंत्री श्री लोधी
==
11.22 लाख रूपये की लागत से निर्मित आंगनबाड़ी भवन का हुआ लोकार्पण
==
बाल विवाह मुक्त प्रचार रथ को हरीझंडी दिखाकर किया गया रवाना
===
प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने दमोह शहर के सिविल वार्ड क्रमांक 10 में स्थित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 21 के नवीन भवन का लोकार्पण किया। आंगनवाड़ी भवन 11.22 लाख रूपये की लागत से निर्मित हुआ हैं। राज्यमंत्री श्री लोधी ने कहा नवीन भवन के निर्माण से क्षेत्र में बच्चों के सर्वांगीण विकास, पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा कन्या पूजन और सरस्वती पूजन से किया। अतिथियों द्वारा बच्चों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
इस अवसर पर पोषण भी पढ़ाई भी कार्यक्रम अंतर्गत ECCE सुदृढ़ीकरण के तहत नवीन आंगनवाड़ी केंद्र में 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का प्रवेश उत्सव भी आयोजित किया गया। यह आंगनवाड़ी केंद्र अनौपचारिक शिक्षा एवं पोषण सेवाओं के लिए सक्षम बनाया गया है।
महिला एवं बाल विकास परियोजना दमोह शहरी अंतर्गत संचालित इस आंगनवाड़ी केंद्र में कार्यकर्ता श्रीमती लक्ष्मी सारवन द्वारा सेवाएं प्रदान की जाएंगी। केंद्र से कुल 185 लाभार्थी लाभान्वित होंगे, जिनमें 13 गर्भवती महिलाएं, 18 धात्री माताएं, 33 किशोरी बालिकाएं, 0 से 6 माह के 19 बच्चे, 6 माह से 3 वर्ष के 45 बच्चे तथा 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के 57 बच्चे शामिल हैं।
कार्यक्रम उपरांत राज्यमंत्री श्री लोधी ने बाल विवाह मुक्त प्रचार रथ को हरीझंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम में पूर्व वित्त मंत्री एवं दमोह विधायक जयंत कुमार मलैया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
#Damoh

अन्य ख़बरें