निःशुल्क टूल किट (पग मिल मशीन) के लिए आवेदन शुरू, 20 मई तक मौका
सम्भल। जनपद के माटीकला कारीगरों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर सामने आया है। उ०प्र० माटीकला बोर्ड द्वारा संचालित निःशुल्क टूल किट वितरण योजना के तहत इस वर्ष जनपद सम्भल को 7 पग मिल मशीनों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इस योजना का उद्देश्य माटीकला से जुड़े कारीगरों को आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराकर उनके रोजगार को सशक्त बनाना है।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2019-20 से 2025-26 तक स्थापित एवं संचालित इकाइयों के पात्र लाभार्थी इस योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। शर्त यह है कि संबंधित इकाइयों को न्यूनतम 5 लाख रुपये तक का वित्तपोषण प्राप्त हुआ हो।
इच्छुक आवेदक उ०प्र० माटीकला बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.upmatikalaboard.in पर जाकर 20 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों का चयन जिला स्तरीय समिति द्वारा किया जाएगा।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी 7408410825 एवं 8279915270 पर संपर्क कर सकते हैं। यह योजना माटीकला कारीगरों के लिए रोजगार के नए अवसर खोलने में सहायक साबित होगी।
