• Wed. Apr 29th, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

संभल में कानून व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर

संभल (बहजोई), 28 अप्रैल 2026। कलक्ट्रेट सभागार बहजोई में मंगलवार को प्रभारी मंत्री संभल एवं राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा, उत्तर प्रदेश शासन की अध्यक्षता में कानून व्यवस्था एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी द्वारा मंत्री का पुष्प एवं पुस्तक भेंट कर स्वागत किया गया।
बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों की प्रगति एवं प्रमुख बिंदुओं से मंत्री को अवगत कराया। विद्युत आपूर्ति की स्थिति पर विस्तृत जानकारी देते हुए बताया गया कि जनपद में नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। इस पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। स्मार्ट मीटर के विषय में स्पष्ट किया गया कि यह अनिवार्य नहीं है और उपभोक्ता अपनी इच्छा से इसे लगवा सकते हैं।
कृषि विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान उप कृषि निदेशक अरुण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पोर्टल पर तकनीकी समस्याओं के कारण सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग प्रभावित हुई है। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मनरेगा, आरईडी द्वारा सड़क निर्माण, स्वास्थ्य विभाग, जननी सुरक्षा योजना, पंचायती राज विभाग के अंतर्गत 5वां राज्य वित्त आयोग, फैमिली आईडी, व्यक्तिगत शौचालय, पर्यटन, ओडीओपी वित्तीय पोषण योजना एवं वृद्धावस्था पेंशन योजना पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने सीएम हेल्पलाइन, आईजीआरएस पोर्टल और पुलिस की कार्यवाहियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गैस और तेल की उपलब्धता एवं कालाबाजारी पर नियंत्रण के लिए जिला पूर्ति अधिकारी एवं प्रशासन द्वारा नियमित रैंडम चेकिंग की जा रही है। साथ ही एसएचओ के कार्यों के मूल्यांकन की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि संभल जनपद मुख्यमंत्री की प्राथमिकता में है और सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि छोटी से छोटी शिकायत का भी गंभीरता से निस्तारण किया जाए, ताकि किसी भी शिकायतकर्ता को भटकना न पड़े।
बैठक में जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया, पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई, मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, अपर जिलाधिकारी प्रदीप वर्मा सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

अन्य ख़बरें