जलेसर तहसील में लेखपाल पर भ्रष्टाचार के आरोप, भाजपा मंडल अध्यक्ष ने सौंपा शिकायती पत्र
जलेसर। भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष विक्की ठाकुर द्वारा उपजिलाधिकारी जलेसर पीयूष रावत को एक शिकायती पत्र सौंपकर तहसील में तैनात लेखपाल अमित कुमार जैसवाल पर भ्रष्टाचार एवं किसानों से अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि लेखपाल अमित कुमार जैसवाल द्वारा आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक प्रमाण पत्रों को जारी करने के नाम पर किसानों एवं आम जनता से खुलेआम धन उगाही की जा रही है। आरोप है कि प्रमाण पत्र बनवाने के लिए प्रति आवेदन लगभग 1000 रुपये की मांग की जाती है तथा जो व्यक्ति पैसे नहीं देता, उसके प्रमाण पत्रों को निरस्त अथवा लंबित कर दिया जाता है।
मंडल अध्यक्ष विक्की ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त नीति पर कार्य कर रही है और किसी भी भ्रष्ट कर्मचारी या अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी जलेसर ने तत्काल तहसीलदार जलेसर को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। शिकायत के बाद तहसील परिसर में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।
