औरैया जिले में बेला। थाना क्षेत्र में प्रशासन ने ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की।खनन विभाग, बेला पुलिस और आरटीओ विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार सुबह करीब आठ बजे चेकिंग अभियान के दौरान एक ओवरलोड डंपर को पकड़कर उस पर दो लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया। अधिकारियों द्वारा वाहन की जांच और वजन कराने पर डंपर में निर्धारित सीमा से करीब 70 टन अधिक भार पाया गया। इसके बाद मौके पर ही वाहन के दस्तावेजों की जांच की गई और नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए भारी जुर्माना लगाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। चेकिंग अभियान के दौरान अन्य वाहन चालकों में भी अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। अभियान में खनन अधिकारी विशिष्ट कुमार यादव, बेला थाना अध्यक्ष गंगादास गौतम, आरटीओ विभाग की टीम तथा पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने कहा कि ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। यातायात नियमों और खनन मानकों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
