*मा0 जनपद प्रभारी मंत्री जी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के माध्यम से विकास कार्यों की प्रगति समीक्षा बैठक हुई आयोजित।*
*मा0 जनपद प्रभारी मंत्री जी द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने हेतु गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के दिए गए निर्देश।*
सुलतानपुर 13 जून/मा० राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), खेल एवं युवा कल्याण विभाग उ0प्र0/मा0 जनपद प्रभारी मंत्री श्री गिरीश चन्द्र यादव जी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के माध्यम से जनपद में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं विभागीय कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मा0 सदस्य विधान परिषद शैलेन्द्र प्रताप सिंह, मा0 विधायक सदर राज प्रसाद उपाध्याय, जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक चारू निगम, मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राकेश सिंह, अपर जिलाधिकारी(प्रशासन) रत्नप्रिया सहित जनपद स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
मा० जनपद प्रभारी मंत्री को जनपद आगमन पर लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन परिसर में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। बैठक में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक महोदया द्वारा मा0 जनपद प्रभारी मंत्री जी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया तथा मुख्य विकास अधिकारी महोदय द्वारा मा0 सदस्य विधान परिषद एवं विधायक सदर का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
बैठक के प्रारंभ में 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत 05 लाभार्थियों-शमा परवीन, आदित्य तिवारी, वैद्यनाथ, आशाराम एवं जगराम को मा० प्रभारी मंत्री जी द्वारा पोषण पोटली वितरित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महोदय ने अवगत कराया कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार हुआ है तथा वर्तमान में जनपद 20वें स्थान पर पहुंच गया है। पं० दीनदयाल उपाध्याय सोलर लाइट योजना के अंतर्गत लक्ष्य के सापेक्ष 100 प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त होने पर संतोष व्यक्त करते हुए मा0 प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिया कि स्थापित सोलर लाइटें निरंतर कार्यशील रहें तथा उनके रखरखाव की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में भी लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त होने पर उन्होंने कहा कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक नागरिक इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने अधिकारियों को स्वयं योजना का लाभ लेने एवं जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। एकीकृत बागवानी मिशन में 100 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि लाभार्थियों के चयन में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए तथा बागवानी परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जाए। कृषि रक्षा रसायन कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना एवं अन्य कृषि योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचे तथा कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रहे।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान मा0 प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिया कि शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 72 घंटे के भीतर खराब ट्रांसफार्मरों को बदलना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जाए। अधिशासी अभियंता ने बताया कि विद्युत बिल संशोधन हेतु प्राप्त 3866 शिकायतों में से 3765 का निस्तारण किया जा चुका है। इस पर मा0 प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिया कि त्रुटिपूर्ण बिल जारी होने की स्थिति ही न आए तथा मीटर रीडरों द्वारा सही रीडिंग के आधार पर बिल जारी किए जाएं। लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक ग्राम में स्वयं सहायता समूहों का गठन एवं सक्रिय संचालन सुनिश्चित किया जाए तथा सखी एवं दीदी की नियुक्तियां शत-प्रतिशत पूर्ण की जाएं।
मुख्य विकास अधिकारी महोदय ने अवगत कराया कि प्रधानमंत्री आवास योजना में जनपद को ‘ए’ रैंक प्राप्त हुई है। मा0 प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभार्थियों को कम से कम 90 दिवस का रोजगार भुगतान सुनिश्चित किया जाए तथा शेष आवासों का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए। उन्होंने निर्मित आवासों पर प्रधानमंत्री आवास योजना का लोगो अनिवार्य रूप से अंकित किए जाने के भी निर्देश दिए।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने एम्बुलेंस सेवाओं की नियमित फिटनेस जांच, ऑक्सीजन एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह एम्बुलेंसों का निरीक्षण किया जाए। उन्होंने जननी सुरक्षा योजना में जनपद के प्रदेश में प्रथम स्थान पर होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। साथ ही निर्देश दिया कि सीटी स्कैन की सुविधा सभी पात्रों को निःशुल्क एवं शत-प्रतिशत उपलब्ध कराई जाए। अधिकारियों ने बताया कि जनपद में संचालित चारों मोबाइल मेडिकल यूनिट सुचारु रूप से कार्यरत हैं। दिव्यांग पेंशन योजना में लक्ष्य के सापेक्ष 100 प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त होने पर प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों का प्रत्येक माह समयबद्ध निस्तारण किया जाए।
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि 50 से 90 प्रतिशत तक पूर्ण परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पहले पूरा किया जाए। साथ ही बीडीओ एवं एसडीएम स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। अधिकारियों ने बताया कि 124 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं तथा 510 गांवों में पूर्ण अथवा आंशिक जलापूर्ति की जा रही है। पंचायतीराज विभाग की समीक्षा में उन्होंने निर्देश दिया कि ग्राम प्रधानों के खातों में अवशेष धनराशि का जनहित में उपयोग कर विकास कार्य पूर्ण कराए जाएं तथा धन का दुरुपयोग न होने पाए।
पर्यटन विभाग की समीक्षा के दौरान कार्यदायी संस्था पर्यटन निगम के प्रतिनिधि के बैठक में अनुपस्थित रहने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्टीकरण जारी करने एवं वेतन अवरूद्ध करने हेतु शासन को पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिये। वन विभाग की समीक्षा में उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस पर लगाए गए पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण सुनिश्चित करने तथा जनसहभागिता बढ़ाने के निर्देश दिए।
बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति की जानकारी दिए जाने पर मा0 प्रभारी मंत्री ने विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए। पशुधन विभाग की समीक्षा में उन्होंने सभी विकास खंडों में वृहद गौशालाओं की स्थापना, गोवंशों हेतु चारा एवं वैक्सीन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। युवा कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने प्रत्येक ब्लॉक में स्टेडियम निर्माण हेतु प्रस्ताव भेजने तथा एसडीएम स्तर पर भूमि चिन्हांकन कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि जनपद में स्वीकृत 10 सेतु निर्माण परियोजनाओं पर कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रगति पर है। नई सड़कों का निर्माण एवं मरम्मत कार्य भी निरंतर जारी है। श्रम विभाग की समीक्षा में मा0 प्रभारी मंत्री ने कन्या विवाह योजना एवं बालिका मदद योजना के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उद्योग विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने बैंकों को योजनाओं के क्रियान्वयन में पूर्ण सहयोग देने तथा प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के अन्त में मा0 जनपद प्रभारी मंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा निर्धारित प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करते हुए योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। उन्होंने विभागीय रैंकिंग में सुधार, कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने तथा आयुष्मान भारत योजना का शत-प्रतिशत लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक के अंत में जिलाधिकारी महोदय ने मा० जनपद प्रभारी मंत्री जी का आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि आपके द्वारा सुझाये गये दिशा-निर्देशों का अनुपालन करते हुए शासन की मंशा के अनुरूप सभी विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जाएगा।
