मानसून ने पूरे यूपी को कवर कर लिया है। शुक्रवार तड़के 3 बजे लखनऊ, बाराबंकी, उन्नाव, झांसी, जालौन समेत 10 शहरों में तेज बारिश हुई। आगरा, मथुरा समेत 30 से ज्यादा शहरों में बादल छाए हैं। बीच-बीच में धूप निकल रही है।
कानपुर में गुरुवार देर रात 1 बजे से तड़के 5 बजे तक मूसलाधार बारिश हुई। सड़कों पर पानी भर गया। कारें-बाइकें आधी डूब गईं। ऑर्डिनेंस फैक्ट्री की 100 फीट दीवार गिर गई। बेंसमेंट की दीवार धंसकने से अपार्टमेंट को खाली करना पड़ा।
मथुरा में दोपहर 1 बजे तेज बारिश हुई। आधे घंटे हुई बारिश में सड़कों पर पानी भर गया। बुलडोजर-बाइकें आधी डूब गईं। वहीं, झांसी में बिजली गिरने से किसान की मौत हो गई। उन्नाव में इतनी बारिश हुई कि घरों में बरसात का पानी घुस गया। जालौन में आंधी के साथ बारिश हुई।
आज यूपी के सभी 75 शहरों में बारिश का अलर्ट है। 11 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। ओले और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। 40 किमी. की रफ्तार से हवा चल सकती है। कहीं-कहीं हवा की रफ्तार 50 किमी. प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
