लम्भुआ थाना क्षेत्र के ग्राम मठिया में आबादी एवं निजी भूमि को लेकर विवाद सामने आया है। गांव निवासी अवधेश कुमार यादव ने थानाध्यक्ष लम्भुआ को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि उनकी निजी भूमि पर लगाए गए खड़ंजे को सरकारी खड़ंजा बताकर उनके खिलाफ झूठी शिकायत की गई है।
पीड़ित के अनुसार, गाटा संख्या 176 की भूमि, जो खतौनी में गेंदा देवी के नाम दर्ज है, पर उन्होंने अपने निजी खर्च से करीब पांच मीटर खड़ंजा लगवाया था। अब वह अपनी आबादी और खतौनी की भूमि की बाउंड्री कराने की तैयारी कर रहे हैं। इसी बीच कुछ लोगों ने सरकारी खड़ंजा उखाड़ने का आरोप लगाते हुए उनके विरुद्ध शिकायत कर दी।
अवधेश कुमार यादव का कहना है कि उन्होंने किसी भी सरकारी संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाया है। उनका दावा है कि जिस स्थान पर खड़ंजा लगाया गया था, वह उनकी निजी भूमि है और उसके संबंध में उपलब्ध राजस्व अभिलेख भी उनके पक्ष में हैं।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि कुछ लोग उनकी भूमि पर जबरन घूर गड्ढा बनाने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे भविष्य में भूमि विवाद की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से राजस्व विभाग की मौजूदगी में स्थल का निरीक्षण कर निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करने की मांग की है।
वहीं, लम्भुआ पुलिस ने प्रार्थना पत्र प्राप्त कर मामले की जांच शुरू करने और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
