महराजगंज, 22 सितंबर। आमजन की शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान को लेकर पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों की जानकारी लेते हुए समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए।
एसपी ने सभी प्रभारी निरीक्षकों और थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि जिन शिकायतों का समाधान थाना स्तर पर संभव है, उनका निस्तारण वहीं प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। इससे शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से पुलिस कार्यालय आने से राहत मिलेगी।
उन्होंने थाना स्तर पर संचालित जनसुनवाई और महिला हेल्पडेस्क को अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाए।
एसपी ने कहा कि जनशिकायतों का प्रभावी निस्तारण पुलिस की जवाबदेही का महत्वपूर्ण हिस्सा है। थाना स्तर पर प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा कर शिकायतकर्ताओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान उपलब्ध कराया जाए।
