*ऑनलाइन आयोजित मण्डलीय समीक्षा बैठक में समस्त जनपद स्तरीय अधिकारियों ने किया प्रतिभाग।*
जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में 50 लाख से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं/विकास कार्यों की मण्डलीय प्रगति समीक्षा बैठक नवीन सभागार कलेक्ट्रेट में वर्चुअल माध्यम से आयोजित की गई। उक्त बैठक में सीएम डैशबोर्ड तथा सीएमआईएस पोर्टल पर चल रही विलंबित परियोजनाओं की गहन समीक्षा की गयी।
ऑनलाइन आयोजित मण्डलीय समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी महोदय सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। मण्डलायुक्त अयोध्या मण्डल अयोध्या द्वारा मण्डल के समस्त जनपदों की समीक्षा के दौरान जनपद सुलतानपुर के समस्त विभागों की सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से समीक्षा की गयी।
तत्पश्चात जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से विभिन्न विभागों जैसे- पीडब्ल्यूडी, पशुपालन, नमामि गंगे, पर्यटन,समाज कल्याण – मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह, निर्माण कार्य विभाग व अन्य विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं जैसे-सीएलडीएफ, राजकीय निर्माण निगम, यूपीपीसीएल, सी. एण्ड डी.एस. सहित कई अन्य कार्यदायी संस्थाओं की जो परियोजनाएं विलंबित चल रही हैं, के सम्बन्ध में प्रगति की समीक्षा की गयी।
जिलाधिकारी महोदय द्वारा सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये गये कि सभी अपने-अपने कार्यालयों में नियमित जनसुनवाई अवश्य करें तथा मेरे जनता दर्शन के दौरान आने वाली शिकायतें जिन्हें मेरे द्वारा मार्क कर सम्बन्धित विभाग को प्रेषित किया जा रहा है उन शिकायतों के सम्बन्ध में त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए हमें अवगत करायेंगे।
उन्होंने बिलंबित चल रहे निर्माण कार्य अग्निशमन केन्द्र लम्भुआ के सम्बन्ध में कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए यूपीपीसीएल निर्माण इकाई-14 के एपीएम के विरूद्ध स्पष्टीकरण जारी करने व शासन को आवश्यक कार्यवाही हेतु पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिये। इसी प्रकार उन्होंने ऐसे निर्माण कार्य जो समय सीमा से पीछे चल रहे हैं, के सम्बन्ध में समस्त कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि या तो कार्य में तेजी लाते हुए कार्य को शीघ्र पूर्ण करायें या पूर्णता तिथि को आगे बढ़ायें अन्यथा की स्थिति में सभी के विरूद्ध वेतन अवरूद्ध करने तथा आवश्यक कार्यवाही हेतु शासन को पत्र प्रेषित किया जायेगा।
जिलाधिकारी महोदय द्वारा मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर प्रदर्शित आंकड़ों का अवलोकन करते हुए बी. सी. व डी. श्रेणी रैंकिंग वाले विभागों की प्रगति समीक्षा की गयी। जिलाधिकारी महोदय द्वारा सभी सम्बन्धित विभागों को निर्देशित किया गया कि माह के अन्त तक सभी विभाग अपनी रैंक में सुधार लाने हेतु प्रगति रिपोर्ट से कल अनिवार्य रूप से मुझे अवगत करायेंगे। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं का कार्य अपेक्षित गति से नहीं चल रहा है, उनमें तेजी लाकर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित की जाए।
बैठक में जिलाधिकारी महोदय द्वारा निर्देश दिए गए कि निर्माणाधीन परियोजनाओं का नियमित स्थलीय निरीक्षण किया जाए तथा गुणवत्ता मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी परियोजना में लापरवाही अथवा शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं की जवाबदेही तय की जाएगी। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
