सलमेर, 31 जुलाई। राजस्थान सरकार द्वारा समान नागरिक संहिता (यूसीसी)-2026 का प्रारूप तैयार करने से पहले आमजन की राय जानने के लिए राज्यभर में जनसुझाव अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जैसलमेर जिले में भी नागरिकों से सुझाव लेने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसके लिए राज्य सरकार ने https://ucc.rajasthan.gov.in/� पोर्टल विकसित किया है, जहां कोई भी नागरिक ऑनलाइन अपने सुझाव दर्ज कर सकता है। इसके अलावा प्रचार सामग्री में दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर भी सीधे पोर्टल पर पहुंचकर अपनी राय दी जा सकती है।
जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने जिले के सभी नागरिकों से इस महत्वपूर्ण विषय पर अधिकाधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील करते हुए कहा कि समान नागरिक संहिता जैसे व्यापक सामाजिक महत्व के विषय पर प्रत्येक नागरिक की राय बहुमूल्य है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि समाज के हर वर्ग के विचार एवं सुझाव प्राप्त हों, ताकि सभी पक्षों को ध्यान में रखते हुए संतुलित एवं प्रभावी प्रारूप तैयार किया जा सके।
राज्य सरकार के अनुसार यूसीसी पोर्टल पर विवाह, तलाक, गोद लेना, उत्तराधिकार, भरण-पोषण सहित 19 महत्वपूर्ण विषयों पर नागरिक अपनी सहमति, असहमति और सुझाव दर्ज कर सकते हैं। मोबाइल पर भेजे जा रहे लिंक अथवा क्यूआर कोड के माध्यम से कुछ ही मिनटों में ऑनलाइन फॉर्म भरकर सुझाव दिए जा सकते हैं।
जिले में विभिन्न विभागों एवं प्रशासनिक इकाइयों के माध्यम से जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। शिविरों में कार्मिक नागरिकों को ऑनलाइन फॉर्म भरने में सहायता प्रदान कर रहे हैं, ताकि तकनीकी जानकारी के अभाव में कोई भी व्यक्ति सुझाव देने से वंचित न रहे।
जिला कलक्टर ने सभी विभागों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों एवं आमजन से इस जनभागीदारी अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक लोगों को पोर्टल एवं क्यूआर कोड के माध्यम से अपने सुझाव दर्ज कराने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया है।
फोटो कैप्शन
जैसलमेर में समान नागरिक संहिता (यूसीसी)-2026 को लेकर आमजन से सुझाव आमंत्रित करने के लिए जारी किया गया क्यूआर कोड एवं पोर्टल की जानकारी।
— चंद्र प्रकाश पुरोहित, ब्यूरो प्रमुख, जैसलमेर
यूसीसी पर जनता की राय जुटाने जैसलमेर में विशेष अभियान 5 अगस्त तक पोर्टल व क्यूआर कोड से दे सकेंगे सुझाव, जिला कलक्टर ने की अधिकाधिक भागीदारी की अपील चंद्र प्रकाश पुरोहित ब्यूरो प्रमुख, जैसलमेर
