चांदा ।। सुलतानपुर
सावन के पावन सोमवार के अवसर पर चांदा क्षेत्र के गोमती नदी के किनारे स्थित श्री गौरी शंकर धाम, शाहपुर जंगल में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही भगवान शिव के जलाभिषेक और दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। दूर-दराज़ क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली चांदा राजकुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस बल ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था संभाली, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का लगातार मंदिर पहुंचना जारी था और पूरे क्षेत्र में ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से भक्तिमय वातावरण बना हुआ था।
