54 किलो गांजा के साथ तस्करी नेटवर्क पर पुलिस का बड़ा प्रहार
पूर्वी चंपारण पुलिस की सर्जिकल कार्रवाई में तीन तस्कर गिरफ्तार, वैगनआर कार, नकदी और मोबाइल जब्त; पूरे नेटवर्क की तलाश तेज
मोतिहारी | श्यामल प्रतीक | चाणक्य न्यूज़ इंडिया
पूर्वी चंपारण पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 54 किलोग्राम गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। कुंडवा चैनपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए एक वैगनआर कार से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया। पुलिस ने मौके से 10,800 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन तथा तस्करी में प्रयुक्त वाहन भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, कुंडवा चैनपुर थाना अध्यक्ष राहुल कुमार को सूचना मिली थी कि बसंतपुर से एक चारपहिया वाहन में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर चकिया की ओर भेजा जा रहा है। सूचना मिलते ही डीएसपी अभिषेक कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने बसंत चौक के समीप सैनिक रोड पर घेराबंदी कर संदिग्ध वैगनआर कार को रोका और तलाशी के दौरान 54 किलो गांजा बरामद कर लिया।
कार्रवाई के दौरान चकिया थाना क्षेत्र के गंगा सिरीसिया निवासी कमलेश कुमार तथा मुजफ्फरपुर जिले के देवरिया निवासी संजय कुमार तिवारी को गिरफ्तार किया गया। दोनों से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बसंतपुर निवासी विनोद मुखिया को भी गिरफ्तार कर लिया। इस प्रकार इस मामले में कुल तीन तस्कर पुलिस के शिकंजे में आ गए।
पुलिस ने बरामद गांजा के अलावा तस्करी में प्रयुक्त वैगनआर कार, नकदी और मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है। मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया, किन लोगों तक इसकी आपूर्ति होनी थी और इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्य कौन हैं।
आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
नशा कारोबार पर पुलिस का कड़ा संदेश
पूर्वी चंपारण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। हालिया कार्रवाई यह संकेत देती है कि नशे के कारोबार में शामिल गिरोहों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है और उनके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में कार्रवाई तेज कर दी गई है।
