• Sat. Aug 8th, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

*पोषण पाठशाला में आयुष्मान भारत योजना एवं स्तनपान के महत्व पर किया गया जागरूक*

BySantosh Kumar Pandey

Aug 7, 2026

विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में गुरुवार को आयोजित पोषण पाठशाला के अंतर्गत ऑनलाइन वेबकास्ट कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) तथा विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर स्तनपान के महत्व एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य विषय पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। वेबकास्ट के दौरान अपर मुख्य सचिव लीना जौहरी बाल विकास एवं महिला कल्याण तथा निदेशक हर्षिता माथुर बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग उपनिदेशक डा0 अनुपमा साण्डिल्य तथा विषय विशेषज्ञों ने आयुष्मान भारत योजना के उद्देश्य, पात्रता, गोल्डन कार्ड के माध्यम से मिलने वाली कैशलेस स्वास्थ्य सेवाओं तथा योजना का अधिकतम लाभ उठाने के तरीकों पर प्रकाश डाला। साथ ही नवजात शिशुओं के लिए जन्म के तुरंत बाद स्तनपान शुरू करने, पहले छह माह तक केवल माँ का दूध पिलाने तथा स्तनपान से माँ और शिशु दोनों को होने वाले स्वास्थ्य लाभों की विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में डीपीओ, सीडीपीओ, मुख्य सेविकाएं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ति्रयां, गर्भवती एवं धात्री महिलाएं, आईसीडीएस के लाभार्थी, 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों के अभिभावक तथा आयुष्मान भारत योजना के पात्र लाभार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। वेबकास्ट में सुश्री अर्चना वर्मा (आईएएस), मुख्य कार्यकारी अधिकारी SACHIS सुश्री तापसिनी खेन, वरिष्ठ पोषण विशेषज्ञ UPTSU तथा श्री आनंद कुमार सिंह, प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर पोषण (UPTSU) ने अपने विचार साझा करते हुए स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। कार्यक्रम के समापन पर जिला कार्यक्रम अधिकारी शरद कुमार त्रिपाठी ,बाल विकास परियोजना अधिकारी फूल कुमार,दयाराम,राजेन्द्र प्रसाद एवं मुख्य मुख्य सेविकाओं ने कहा कि इस प्रकार की पोषण पाठशालाएं आमजन में स्वास्थ्य, पोषण एवं सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने सभी लाभार्थियों से आयुष्मान भारत योजना का लाभ लेने तथा शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए स्तनपान को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।