शम्भू दयाल व्यास
ब्यावर, 7 अगस्त। भारत विकास परिषद मुख्य शाखा ब्यावर एवं डॉ. एस.एन. टेलर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्वर्गीय हेमेंद्र टेलर की स्मृति में आयोजित होने वाले 65वें विशाल रक्तदान शिविर के प्रचार-प्रसार हेतु शुक्रवार को जिला कलक्टर कमल राम मीणा ने रक्तदान जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया।
इस अवसर पर जिला कलक्टर ने रक्तदान को महादान बताते हुए अधिक से अधिक लोगों, विशेषकर युवाओं से रक्तदान शिविर में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिविर के प्रकल्प प्रभारी राजेंद्र काबरा ने बताया कि भारत विकास परिषद मुख्य शाखा ब्यावर द्वारा हर वर्ष राष्ट्रीय पर्व 15 अगस्त पर विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जाता है। इस वर्ष आयोजित होने वाले 65वें रक्तदान शिविर का उद्देश्य रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना, युवाओं को प्रेरित करना तथा अस्पतालों में रक्त की कमी को दूर करने में सहयोग देना है। जागरूकता पोस्टर शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख स्थानों पर लगाए जाएंगे ताकि अधिकाधिक लोग इस जनसेवा अभियान से जुड़ सकें।
शाखा अध्यक्ष सतीश सर्राफ ने बताया कि रक्तदान शिविर 15 अगस्त को प्रातः 10 बजे से सायं तक माहेश्वरी भवन, श्रद्धानंद बाजार, ब्यावर में आयोजित किया जाएगा। रक्तदाताओं के पंजीयन की व्यवस्था राजेंद्र काबरा (किड्स वर्ल्ड, श्रीनाथ मार्केट), रविंद्र टेलर (मुनोत नगर), जसपाल सिंह हुडा (अजमेरी गेट के बाहर) एवं प्रशांत पाबूवाल (आदर्श नगर) सहित विभिन्न स्थानों पर की गई है।
पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के अध्यक्ष सतीश सर्राफ, सचिव विकास गर्ग, प्रकल्प प्रभारी राजेंद्र काबरा, रविंद्र कुमार टेलर, मनीष अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
