• Thu. Aug 13th, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

*जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में नगर पालिका परिषद के अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा बैठक हुई आयोजित।*

BySantosh Kumar Pandey

Aug 13, 2026

स्थान-सुलतानपुर उत्तर प्रदेश, रिपोर्ट-संतोष कुमार पाण्डेय, विशेष सम्वाददाता चाणक्य न्यूज इंडिया

जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता एवं अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) राकेश सिंह की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में नगर पालिका परिषद के अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
बैठक में जिलाधिकारी महोदय द्वारा नवयुग पालिका योजना की समीक्षा की गई। इस दौरान नगर पालिका परिषद द्वारा प्रस्तावित विभिन्न कार्यों, जिनमें मलिन बस्ती विकास, पक्की नाली, पार्कों का विकास, फुटपाथ, प्राचीन भवनों का संरक्षण, ईवी चार्जिंग स्टेशन, गौरव पथ, वॉकेबिलिटी ग्रिल्स आदि शामिल हैं, पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। नगर पालिका परिषद द्वारा गौरव पथ निर्माण का प्रस्ताव चयनित किया गया है, जो दीवानी मोड़ से होते हुए बस अड्डा, कलेक्ट्रेट एवं डाकखाना चौराहे तक प्रस्तावित है।
जिलाधिकारी महोदय ने निर्देशित किया कि गौरव पथ का निर्माण उच्च गुणवत्ता के साथ कराया जाए और कार्य इतना प्रभावशाली एवं आकर्षक हो कि आमजन इससे प्रेरित हों। उन्होंने गौरव पथ के लिए प्रभावी एवं व्यवस्थित एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रमुख सड़क मार्गों पर साइड पटरी को इंटरलॉकिंग से पक्का कराने तथा नालियों को कवर कराने के निर्देश दिए, जिससे आवागमन सुगम होने के साथ-साथ शहर की सुंदरता में भी वृद्धि हो।
जिलाधिकारी महोदय द्वारा वंदन योजना की भी समीक्षा की गई। नगर पालिका परिषद द्वारा मो0 जवाहर नगर स्थित मरी माई मंदिर स्थल पर हॉल निर्माण, लाइटिंग कार्य तथा सीसी रोड निर्माण का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। जिलाधिकारी महोदय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि उक्त सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराए जाएं।
इसके अतिरिक्त गोमती नदी के तट पर स्थित वेदान्ती आश्रम के पास रामघाट के विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी महोदय ने निर्देशित किया कि रामघाट के विकास एवं सौंदर्यीकरण में गुणवत्ता एवं सुंदरता का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही यहां आने वाले श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि नगर के विकास से संबंधित सभी कार्यों का उद्देश्य केवल निर्माण कराना नहीं, बल्कि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ शहर को अधिक सुंदर, सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाना होना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।