चाणक्य न्यूज़ इंडिया
श्यामल प्रतीक | रक्सौल अनुमंडल संवाददाता
रक्सौल। आर्थिक अभाव किसी बच्चे की शिक्षा की राह में बाधा न बने, इसी उद्देश्य से भारत विकास परिषद, शाखा–रक्सौल ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत राज हरदिया स्थित नवसृजित प्राथमिक विद्यालय, अनु बस्ती गम्हरिया में सेवा कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में अध्ययनरत जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के करीब 150 बच्चों के बीच किताबें, कॉपियां, पेन, पेंसिल सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। पाठ्य सामग्री मिलने पर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
परिषद के शाखा अध्यक्ष रजनीश प्रियदर्शी ने कहा कि शिक्षा सामाजिक समानता और सशक्तिकरण का सबसे प्रभावी माध्यम है। आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। समाज के सक्षम लोगों को जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बच्चों के हाथों में किताब देना केवल शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उनके सपनों और भविष्य को मजबूत करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रधान शिक्षिका रविता कुमारी को अंगवस्त्र, प्रतीक चिह्न एवं ‘भारत को जानो’ पुस्तक भेंट की गई। प्रधान शिक्षिका ने परिषद की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास जरूरतमंद बच्चों को पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।
कार्यक्रम संयोजक जीतेन्द्र चौरसिया ने बच्चों को नियमित अध्ययन, अच्छे संस्कार और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया। पर्यावरण संयोजक विजय कुमार साह ने शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर भी बच्चों को जागरूक किया।
परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था “सम्पर्क, सहयोग, संस्कार, सेवा और समर्पण” के मूल मंत्र के साथ जरूरतमंद वर्गों के बीच सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियां संचालित कर रही है।
कार्यक्रम में बच्चों को बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के शिक्षा और सामाजिक समानता से जुड़े विचारों से प्रेरणा लेने तथा शिक्षित होकर समाज और राष्ट्र के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए भी प्रेरित किया गया।
मौके पर जीतेन्द्र चौरसिया, सुनील कुमार, अजय कुमार, आलोक कुमार श्रीवास्तव, शरद सर्राफ, विजय कुमार साह, उमेश सिकारिया, बिमल कुमार सर्राफ एवं शैलेश कुमार सहित विद्यालय की प्रधान शिक्षिका रविता कुमारी, शिक्षिका कुमारी किरण, म. अफरोज आलम, मीना कुमारी, मनीषा सिंघल एवं रीता कुमारी मौजूद रहीं।
कार्यक्रम की जानकारी परिषद के संपर्क संयोजक उमेश सिकारिया एवं सेवा संयोजक सह मीडिया प्रभारी बिमल कुमार सर्राफ ने दी।
