• Sun. Sep 20th, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

चंद्र प्रकाश पुरोहित ब्यूरो प्रमुख जैसलमेर की रिपोर्ट रामदेवरा स्टेशन का बदलेगा स्वरूप, 18.84 करोड़ रुपए की लागत से पुनर्विकास कार्य जारी अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 40 प्रतिशत कार्य पूरा, जातरुओं को मिलेंगी आधुनिक यात्री सुविधाएं

ByAshok Mishra

Sep 20, 2026

जोधपुर, 18 सितंबर।

बाबा रामदेवजी के दर्शन के लिए रामदेवरा पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे स्टेशन पर सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल का रामदेवरा स्टेशन 18.84 करोड़ रुपए की लागत से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक यात्री सुविधाओं के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों की भौतिक प्रगति लगभग 40 प्रतिशत हो चुकी है।

रामदेवरा स्टेशन पर विकसित हो रही आधुनिक सुविधाएं

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि रामदेवरा आने वाले श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन का विकास किया जा रहा है। स्टेशन पर 12 मीटर चौड़े फुट ओवरब्रिज, प्लेटफॉर्म बैकवॉल, नए बड़े प्रतीक्षालय, आरपीएफ बैरक एवं आरपीएफ आउटपोस्ट तथा प्लेटफॉर्म सरफेसिंग के कार्य प्रगति पर हैं। इसके साथ ही सर्कुलेटिंग एरिया, बाउंड्री वॉल तथा प्रवेश एवं निकास द्वार का विकास किया जा रहा है। प्लेटफॉर्म शेल्टर एवं स्वच्छ पेयजल जैसी यात्री सुविधाओं को भी बेहतर बनाया जा रहा है। कार्य पूर्ण होने के बाद यात्रियों को बेहतर आवागमन, सुविधाजनक प्रतीक्षा एवं सुरक्षित वातावरण सहित आधुनिक यात्री सुविधाएं मिलेंगी।

मेले के दौरान यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं

डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि रामदेवरा मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आवागमन को देखते हुए जोधपुर मंडल द्वारा यात्री सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए मंडल से चार रेल सेवाओं का रामदेवरा मेला स्पेशल के रूप में संचालन किया जा रहा है। स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) तथा स्काउट एवं गाइड के स्वयंसेवकों द्वारा यात्रियों की सहायता की जा रही है तथा यात्री सुविधाओं की नियमित निगरानी की जा रही है। यात्रियों को स्टेशन परिसर में आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता उपलब्ध कराने के साथ भीड़ प्रबंधन पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्य पूर्ण होने के बाद रामदेवरा स्टेशन को आधुनिक स्वरूप मिलेगा, जिससे बाबा रामदेवजी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को अधिक सुविधाजनक एवं व्यवस्थित रेल यात्रा अनुभव उपलब्ध होगा।

By Ashok Mishra

Ashok Mishra is the Editor-in-Chief of Chanakya News India, a Hindi digital news platform established in 2012. The organization focuses on delivering verified breaking news, live news coverage, crime, entertainment, business, technology, and regional updates across India. Address: FNG vihar 2 sector 121 Gautam budhnagar Uttar pradesh, India Email -mpcgchanakyanewsindia@gmail.com Phone– +91 9315744968