चाणक्य न्यूज़ इंडिया हिमांशु शुक्ला बलौदा बाजार भाटापारा
लापरवाही पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 3 ग्राम रोजगार सहायकों की सेवा समाप्त
वीबी-जी राम जी के क्रियान्वयन में लापरवाही पर जिला प्रशासन का कड़ा संदेश
बलौदाबाजार, 6 अक्टूबर 2026। विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (वीबी-जी राम जी) के प्रभावी क्रियान्वयन तथा ग्राम पंचायत स्तर पर सौंपे गए दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने वाले ग्राम रोजगार सहायकों के विरुद्ध जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन द्वारा 3 ग्राम रोजगार सहायकों की सेवा समाप्त की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद पंचायत बलौदाबाजार अंतर्गत ग्राम पंचायत देवरी के ग्राम रोजगार सहायक रामकुमार यादव, जनपद पंचायत कसडोल अंतर्गत ग्राम पंचायत सोनाखान के ग्राम रोजगार सहायक अर्जुन सिंह ठाकुर तथा जनपद पंचायत पलारी अंतर्गत ग्राम पंचायत बिजरडीह के ग्राम रोजगार सहायक महेंद्र कोसले को उनके दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही के कारण सेवा से पृथक किया गया है।
भेजी गई आदेश प्रति के अनुसार ग्राम पंचायत सोनाखान के ग्राम रोजगार सहायक अर्जुन सिंह ठाकुर के कार्यालयीन एवं मैदानी कर्तव्यों में उपस्थित नहीं होने तथा कार्यों में लापरवाही का उल्लेख किया गया है। आदेश में नियमानुसार उनकी संविदा सेवा समाप्त किए जाने तथा एक माह का वेतन दिए जाने का उल्लेख है। आदेश तत्काल प्रभावशील किया गया है।
वीबी-जी राम जी के अंतर्गत रोजगार सृजन, श्रमिक नियोजन, स्वीकृत कार्यों का समयबद्ध क्रियान्वयन, अभिलेखों का संधारण एवं शासन के निर्देशों का पालन ग्राम स्तर पर पदस्थ संबंधित अमले की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
जिला प्रशासन की इस कार्रवाई से ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यों में जवाबदेही सुनिश्चित होने तथा शासन की रोजगार योजनाओं का लाभ पात्र ग्रामीणों और श्रमिकों तक समय पर पहुंचने की उम्मीद है। कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश भी गया है कि शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही को प्रशासन गंभीरता से लेगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही, अनियमितता अथवा शासकीय निर्देशों की अवहेलना पाए जाने पर नियमानुसार कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
