*चाणक्य न्यूज़ इंडिया | हिमांशु शुक्ला | बलौदाबाजार-भाटापारा ग्राउंड रिपोर्टिंग*
*बलौदाबाजार, 9 अक्टूबर 2026।* कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देशानुसार शुक्रवार को संयुक्त जांच दल ने अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, कुकुरडीह स्थित कारखाने का निरीक्षण किया। इस दौरान कारखाने में संग्रहित अपशिष्ट पदार्थों के रख-रखाव में पाई गई कमियों को दूर करने के लिए प्रबंधन को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है।
*शेड और अपशिष्ट पदार्थों के रख-रखाव की हुई जांच*
निरीक्षण के दौरान संयुक्त दल ने कारखाने में स्थापित शेड का जायजा लिया और वहां संग्रहित अपशिष्ट पदार्थों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। जांच दल ने अपशिष्ट पदार्थों के बेहतर रख-रखाव तथा सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर कारखाना प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
*कमियां दूर नहीं होने पर होगी कार्रवाई*
जांच दल ने प्रबंधन को निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जारी नोटिस के संबंध में बताई गई कमियों को दूर नहीं किए जाने पर कारखाने के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
*इन विभागों के अधिकारी रहे शामिल*
संयुक्त जांच दल में उप संचालक, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, श्रम अधिकारी, जिला परिवहन अधिकारी तथा खनिज विभाग के अधिकारी शामिल रहे। निरीक्षण का उद्देश्य कारखाने में अपशिष्ट पदार्थों के सुरक्षित रख-रखाव और संबंधित सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच करना था।
