• Thu. Mar 5th, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

हटा क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर समीक्षा बैठक सम्पन्न कलेक्टर

बैठक का उद्देश्य हटा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देना और जनहित से जुड़े कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है- कलेक्टर श्री कोचर
==
भूमि आवंटन व निर्माण कार्यों पर हुए अहम निर्णय
==
हटा क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर समीक्षा बैठक सम्पन्न
===

कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने बताया हटा क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण मुद्दों पर विधायक उमा देवी खटीक की उपस्थिति में विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के विभागीय अधिकारीगण भी उपस्थित रहे। बैठक में प्रमुख रूप से शासकीय विभागों को भूमि आवंटन से संबंधित प्रकरणों पर विचार किया गया। साथ ही एमपीआरडीसी द्वारा किए जा रहे सड़क निर्माण कार्य, सेतु निगम द्वारा प्रस्तावित एवं प्रगतिरत पुल निर्माण परियोजनाओं तथा पाइप-लाइन शिफ्टिंग से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई।

कलेक्टर श्री कोचर ने बताया नगर एवं क्षेत्र के विकास से संबंधित अनेक विषयों पर विधायक श्रीमती खटीक ने अपना पक्ष विस्तार से रखा, वहीं विभागीय अधिकारियों ने भी अपने-अपने बिंदुओं पर स्थिति स्पष्ट की। बैठक के उपरांत संबंधित विषयों पर कार्यवाही विवरण जारी किया जा रहा है तथा ऐसे निर्णय लिए गए हैं, जिससे कोई भी कार्य अनावश्यक रूप से विलंबित न हो और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जा सकें।

उन्होंने बताया कि प्राप्त शिकायतों की जांच के लिए तकनीकी टीम को निर्देशित किया गया है। इनमें सी.एम. राइज स्कूल से संबंधित विषय एवं सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर प्राप्त शिकायतें शामिल हैं, जिन पर जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

कलेक्टर श्री कोचर ने स्वास्थ्य विभाग की भूमि से जुड़े प्रकरण पर भी जानकारी देते हुए कहा कि संबंधित भूमि का वास्तविक स्वामित्व सुनिश्चित करने के लिए संपूर्ण परीक्षण कराया जाएगा। इसके पश्चात ही आगे का निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि उक्त भूमि को आबादी भूमि घोषित किए जाने संबंधी एक आवेदन भी प्राप्त हुआ है, जिस पर प्रकरण पंजीबद्ध कर एसडीएम द्वारा सभी पहलुओं का परीक्षण किया जाएगा।

कलेक्टर श्री कोचर ने कहा बैठक का उद्देश्य हटा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देना और जनहित से जुड़े कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करना रहा। इस आयोजित बैठक के उपरांत कलेक्टर श्री कोचर ने विधायक हटा उमा देवी खटीक के साथ हटा नगर के बस स्टैण्ड नाला, बस स्टैण्ड, पुलिस थाना, महिला बाल विकास परिसर, उप-पंजीयक कार्यालय परिसर के उपरांत एमपीआरडीसी साइट का विजिट कर संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश देते हुए तदानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
#Damoh