SAMBHAL न्यूज़
SAMBHAL बबराला में नवनिर्मित कान्हा गौशाला का भव्य लोकार्पण, गौशाला को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की घोषणा
SAMBHAL जनपद के तहसील गुन्नौर अंतर्गत ग्राम बाघऊ, बबराला स्थित खेरे वाले शिव मंदिर परिसर में आज नवनिर्मित कान्हा गौशाला का भव्य लोकार्पण किया गया। यह लोकार्पण माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की प्रेरणा एवं माननीय नगर विकास मंत्री श्री अरविंद कुमार शर्मा जी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया एवं पुलिस अधीक्षक SAMBHAL कृष्ण कुमार बिश्नोई ने संयुक्त रूप से कान्हा गौशाला का लोकार्पण किया।
लोकार्पण के पश्चात जिलाधिकारी ने गौशाला का निरीक्षण किया और गोवंशों के लिए बनाए गए मंगला सदन, धनु सदन, सुरभि सदन एवं नंदी सदन का विस्तारपूर्वक अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने कहा कि बबराला, महाबली बर्बरीक की पावन धरा है, जिसकी एक अनकही गाथा है। उन्होंने घोषणा की कि इस कान्हा गौशाला को भविष्य में पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गौशाला परिसर में एक गौ पुस्तकालय का भी निर्माण कराया जाए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा गौशाला परिसर में पीपल के वृक्ष का रोपण भी किया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह कान्हा गौशाला अत्यंत भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप में निर्मित की गई है।
जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी गुन्नौर को निर्देशित किया कि गौशाला के आसपास की भूमि की पैमाइश कराई जाए और यदि कहीं अवैध कब्जा पाया जाए तो उसे तत्काल हटवाना सुनिश्चित किया जाए।
इसके उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने इंदिरा चौक, बबराला का भ्रमण किया और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि चौराहे पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं होना चाहिए और इसे हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी गुन्नौर अवधेश कुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष बबराला, नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी बबराला, संबंधित थाना अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – सचिन कुमार SAMBHAL
