जितेन्द्र कुमार त्रिपाठी
ब्यूरो प्रमुख -बस्ती जनपद
दिनांक: 14 जनवरी 2026
बस्ती: पुलिस लाइन बस्ती में तैनात महिला आरक्षी शीतल चतुर्वेदी ने अपनी असाधारण प्रतिभा, कठिन परिश्रम और समर्पण के बल पर राष्ट्रीय स्तर की पुलिस जूडो क्लस्टर प्रतियोगिताओं में लगातार दो स्वर्ण पदक जीतकर उत्तर प्रदेश पुलिस और जनपद बस्ती पुलिस का नाम रोशन किया है। 2019 बैच की यह महिला पुलिस कर्मी, जो लखीमपुर खीरी की निवासी हैं, ने अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया है।
9वीं अखिल भारतीय पुलिस जूडो क्लस्टर प्रतियोगिता में पहला स्वर्ण पदक 24 जून से 30 जून 2024 तक असम में आयोजित 9वीं अखिल भारतीय पुलिस जूडो क्लस्टर प्रतियोगिता में शीतल चतुर्वेदी ने 32वीं वाहिनी पीएसी, लखनऊ की उत्तर प्रदेश पुलिस पेंचक सिलाट टीम के साथ मिलकर कठिन अभ्यास किया। इस प्रतियोगिता में उन्होंने 45 किलोग्राम भारवर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अर्जित किया। उनकी इस उपलब्धि ने उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए गर्व का क्षण रचा।
10वीं अखिल भारतीय पुलिस जूडो क्लस्टर प्रतियोगिता में दूसरा स्वर्ण पदक शीतल ने अपनी शानदार फॉर्म को बरकरार रखते हुए दिनांक 8 से 16 अक्टूबर 2025 तक शेर-ए-कश्मीर इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (SKICS) में आयोजित 10वीं अखिल भारतीय पुलिस जूडो क्लस्टर प्रतियोगिता में भी हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता में उन्होंने आंध्र प्रदेश की खिलाड़ी कल्पना कुमारी को हराकर 45 किलोग्राम भारवर्ग में दूसरा स्वर्ण पदक हासिल किया। यह जीत उनके अनुशासन, मेहनत और खेल के प्रति जुनून का प्रतीक है।
शीतल चतुर्वेदी की इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक बस्ती ने हर्ष व्यक्त किया है। इस उपलब्धि के फल स्वरुप पुलिस अधीक्षक बस्ती द्वारा पच्चीस हज़ार रूपए के पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया। उत्तर प्रदेश पुलिस और समस्त पुलिस परिवार शीतल चतुर्वेदी को उनकी इस शानदार उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई व उनके उज्जवल भविष्य की कामना किया गया।
