• Wed. Feb 11th, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

हटा श्रमजीवी पत्रकार संघ ने सांसद राहुल सिंह को सौंपा ज्ञापन,

*गैसाबाद पुल बंद, हटा प्यासा….*
*श्रमजीवी पत्रकार संघ ने सांसद राहुल सिंह को सौंपा ज्ञापन,नगर में पनप रहे जनआक्रोश के मद्देनजर सांसद ने की दमोह और पन्ना कलेक्टर से चर्चा,तुरंत समाधान के निर्देश…*
हटा (दमोह): दमोह जिले को पन्ना जिले से जोड़ने वाले ब्यारमा नदी के गैसाबाद के जर्जर पुल पर प्रशासन द्वारा आवागमन रोके जाने से क्षेत्र की जीवनरेखा ठप पड़ गई है, वहीं हटा नगर की दशकों पुरानी पानी की टंकी को बंद किए जाने से हजारों नागरिक भीषण पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। इन दोहरी जनसमस्याओं को लेकर श्रमजीवी पत्रकार संघ के सदस्यों ने आज हटा गौ शाला भूमि पूजन कार्यक्रम में पहुंचे सांसद राहुल सिंह से मुलाकात कर स्थिति से अवगत कराया।
पत्रकारों ने बताया कि गैसाबाद पुल बंद होने से ग्रामीण अंचलों का संपर्क टूट गया है, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और आपातकालीन आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। दूसरी ओर हटा नगर की पुरानी पानी की टंकी बंद होने से कई वार्डों में कई दिनों से पानी नहीं पहुंच रहा है जिसके चलते महिलाएं-बच्चे व नगर की लगभग आधी आबादी बूंद-बूंद पानी को तरस रही है और जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सांसद राहुल सिंह ने पन्ना एवं दमोह जिले के कलेक्टरों से तत्काल फोन पर चर्चा कर दोनों समस्याओं के शीघ्र और स्थायी समाधान के स्पष्ट निर्देश दिए। सांसद ने कहा कि जनता को असुविधा में डालकर कोई भी प्रशासनिक निर्णय स्वीकार्य नहीं है और वैकल्पिक व्यवस्था के बिना पुल बंद करना व जलापूर्ति रोकना गंभीर चूक है।
सांसद के हस्तक्षेप के बाद प्रशासन के हरकत में आने की उम्मीद है, किंतु जनता अब केवल आश्वासन नहीं, तत्काल राहत और ठोस कार्रवाई की मांग कर रही है। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी भी दी जा रही है।
श्रमजीवी पत्रकार संघ ने स्पष्ट किया कि वे जनहित के मुद्दों पर लगातार आवाज उठाते रहेंगे और जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाते रहेंगे।