• Fri. Feb 27th, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

दमोह 27 फरवरी को गूंजेगा युवा लोकतंत्र: पीएम एक्सीलेंस कॉलेज में होगा

27 फरवरी को गूंजेगा युवा लोकतंत्र: पीएम एक्सीलेंस कॉलेज में होगा
===
विकसित भारत युवा संसद–2026 का जिला स्तरीय आयोजन
===

भारत सरकार की महत्वाकांक्षी पहल राष्ट्रीय युवा संसद महोत्सव के नवपरिकल्पित स्वरूप विकसित भारत युवा संसद-2026 के अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन 27 फरवरी को प्रातः 10:30 बजे से प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के सभागार में किया जाएगा। यह महोत्सव वर्ष 2019 से प्रतिवर्ष आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य युवाओं और जनप्रतिनिधियों के मध्य संवाद स्थापित करना, नेतृत्व क्षमता का विकास करना तथा नागरिक भागीदारी को सशक्त बनाना है। वर्ष 2024-25 में इसे “विकसित भारत @2047” के दृष्टिकोण के अनुरूप पुनः परिकल्पित किया गया है तथा इस वर्ष इसे “युवा कनेक्ट” के साथ एकीकृत किया गया है।

जिले के 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के 210 युवाओं द्वारा ऑनलाइन पंजीयन कराया गया है। प्रतिभागियों को “आपातकाल के 50 वर्ष: भारतीय लोकतंत्र के लिए सबक” विषय पर तीन मिनट में अपने विचार मंच से प्रस्तुत करने होंगे। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों का मूल्यांकन कुल 100 अंकों के आधार पर किया जाएगा। इसमें विषय की प्रासंगिकता, स्पष्टता एवं संरचना, मौखिक संचार एवं शारीरिक भाषा, नवाचार एवं रचनात्मकता, भाषा एवं प्रवाह, समय पालन शामिल है। यदि दो प्रतिभागियों के अंक समान होते हैं तो विषय से संबंधित सहज प्रश्न पूछकर 10 अंकों का अतिरिक्त मूल्यांकन किया जाएगा।

जिला से राज्य और फिर राष्ट्रीय स्तर तक

जिला स्तर पर सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले प्रथम 10 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। जिला स्तर से चयनित प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे, जबकि राज्य स्तर से चयनित तीन प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में शामिल होंगे। यह आयोजन न केवल युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ प्रदान करेगा, बल्कि उन्हें सक्रिय और जागरूक नागरिक बनने की दिशा में भी प्रेरित करेगा। जिले में इस आयोजन को लेकर युवाओं में उत्साह का वातावरण है।
#Damoh