सुलतानपुर सुलतानपुर जनपद में सोशल मीडिया पर चिकित्सकों की प्राइवेट प्रैक्टिस से जुड़ी खबरों को गंभीरता से लेते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रियांक वर्मा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 6 चिकित्सकों को संस्थान से रिलीव कर दिया है।
संभल रामनवमी पर संभल में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, जुलूसों पर ड्रोन से रखी जाएगी नजर
जानकारी के अनुसार, इस कार्रवाई में केवल डॉक्टर ही नहीं बल्कि उनके साथ जुड़े 42 मेडिकल कॉलेज कर्मचारियों को भी रिलीव किया गया है। अचानक हुई इस कार्रवाई से कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया है। रिलीव किए गए चिकित्सकों में प्रमुख रूप से डॉ. राम धीरेन्द्र, डॉ. आर.के. मिश्रा, डॉ. सहाबुद्दीन अम्मार, डॉ. राजेश मिश्रा, डॉ. आदित्य नारायण तिवारी और डॉ. लक्ष्मीकांत मिश्रा शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर लगातार इन चिकित्सकों के प्राइवेट प्रैक्टिस करने की खबरें सामने आ रही थीं, जिसे संज्ञान में लेते हुए प्राचार्य ने यह सख्त निर्णय लिया। हालांकि, आधिकारिक तौर पर जांच और आगे की कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप की स्थिति है और अन्य चिकित्सकों में भी सतर्कता बढ़ गई है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में इस मामले में और भी कड़ी कार्रवाई हो सकती है।
