सम्भल, 28 मार्च 2026:
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत जनपद सम्भल पुलिस ने व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान एंटी रोमियो टीमों और महिला पुलिसकर्मियों ने विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय रूप से भाग लेकर महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया।
पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) श्री कुलदीप सिंह के मार्गदर्शन में, क्षेत्राधिकारी चन्दौसी श्री दीपक कुमार के नेतृत्व में महिला पुलिस टीमों ने थाना क्षेत्रों में चौपाल आयोजित कर बालिकाओं एवं महिलाओं से संवाद किया। कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर भी चर्चा की गई।
अभियान के तहत प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूल-कॉलेजों और धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इनमें वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, सीएम हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा 102, एम्बुलेंस 108, महिला हेल्पलाइन 181 तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं।
साथ ही, पंपलेट वितरण और मोबाइल पर पैनिक बटन के उपयोग का डेमो देकर महिलाओं को आपात स्थिति में त्वरित सहायता प्राप्त करने के तरीकों से अवगत कराया गया। पुलिस द्वारा यह प्रयास किया जा रहा है कि महिलाओं को सुरक्षित और सशक्त वातावरण प्रदान किया जा सके।
