• Sun. Mar 29th, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

सम्भल पुलिस का ‘मिशन शक्ति 5.0’ अभियान तेज, महिलाओं-बालिकाओं को किया गया जागरूक

सम्भल जनपद में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व सशक्तिकरण के उद्देश्य से ‘मिशन शक्ति 5.0’ (द्वितीय चरण) अभियान के तहत पुलिस द्वारा व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण कुमार के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) श्री कुलदीप सिंह व क्षेत्राधिकारी चन्दौसी श्री दीपक कुमार के नेतृत्व में महिला पुलिसकर्मियों ने विभिन्न क्षेत्रों में चौपाल आयोजित कर बालिकाओं और महिलाओं को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूलों, कॉलेजों और धार्मिक स्थलों सहित प्रमुख स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं से संवाद किया और उन्हें सुरक्षित वातावरण का भरोसा दिलाया। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं और पुलिस सेवाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, सीएम हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा 102, एम्बुलेंस सेवा 108, महिला हेल्पलाइन 181 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी पंपलेट के माध्यम से दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक कर समाज में सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है।