• Tue. Apr 21st, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

सम्भल में जनगणना-2027 प्रशिक्षण का दूसरा दिन सम्पन्न

1564 कर्मी रहे उपस्थित, 76 अनुपस्थितों पर होगी कार्रवाई

सम्भल, 21 अप्रैल 2026। भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जनपद सम्भल में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम जारी है। मंगलवार को प्रशिक्षण का द्वितीय दिवस सम्पन्न हुआ, जिसमें कुल 1564 कर्मियों ने भाग लिया, जबकि 76 कर्मचारी अनुपस्थित रहे।
अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) एवं जिला जनगणना अधिकारी श्री प्रदीप वर्मा ने चन्दौसी स्थित एक विद्यालय में चल रहे प्रशिक्षण का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना के महत्व के प्रति जागरूक किया।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस बार की जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से होगी, इसलिए प्रशिक्षण की गुणवत्ता अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी कर्मियों को निर्देशित किया गया कि वे इस राष्ट्रीय कार्य को पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता और सटीकता के साथ संपन्न करें। साथ ही चेतावनी दी गई कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशिक्षण का अगला चरण 28 से 30 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए बैच निर्धारित कर दिए गए हैं। सभी संबंधित कर्मियों को समय पर अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि 20 से 22 अप्रैल तक चल रहे इस प्रशिक्षण के लिए जनपद में कुल 36 बैच बनाए गए हैं, जिनमें 1640 कर्मियों की भागीदारी निर्धारित थी। प्रथम दिवस में 1566 कर्मचारी उपस्थित रहे थे, जबकि 74 अनुपस्थित थे।
अनुपस्थित कर्मचारियों के विरुद्ध जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागाध्यक्षों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

अन्य ख़बरें