• Fri. May 1st, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

तिर्वा रोड पर फिर पलटी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली, चार दिन में दूसरा हादसा, गड्ढों ने बढ़ाया खतरा

औरैया जिले में बार्डर पर बसे कस्बा बेला क्षेत्र के तिर्वा मार्ग पर बुधवार को एक बार फिर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। डॉ. वर्मा क्लीनिक के पास भूसे से लदी एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गई। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली दिबियापुर से भूसा लेकर तिर्वा की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन डॉ. वर्मा क्लीनिक के पास पहुंचा, सड़क पर बने गहरे गड्ढे में आने से उसका संतुलन बिगड़ गया और ट्रॉली पलट गई। गौरतलब है कि इसी स्थान पर चार दिन पहले भी भूसे से लदी एक अन्य ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट चुकी है। लगातार हो रहे इन हादसों ने सड़क की बदहाल स्थिति और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसों के पीछे दो मुख्य कारण हैं—पहला, वाहनों में क्षमता से अधिक ओवरलोडिंग और दूसरा, सड़क पर बने गहरे गड्ढे। यह मार्ग काफी व्यस्त रहता है, ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सड़क पर फैला भूसा हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया।
क्षेत्रीय नागरिकों ने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कराने और ओवरलोड वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में गंभीर हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया की यातायात सुचारु रूप से चल रहा है ट्रैक्टर ट्राली सड़क से हटवा दी गई थी।

अन्य ख़बरें