• Tue. May 12th, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

गणेश विदाई एवं ब्राह्मण भोज के साथ पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव संपन्न उनियारा

ByNews Editor

May 7, 2026

उनियारा तहसील के पलाई कस्बे में आयोजित भगवान देवनारायण की पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव धार्मिक आस्था, भक्ति और उत्साह के वातावरण में संपन्न हो गया। महोत्सव के अंतिम दिन गणेश विदाई एवं ब्राह्मण भोज का आयोजन श्रद्धापूर्वक किया गया, जिसमें ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे दिन गांव में धार्मिक माहौल बना रहा तथा मंदिर परिसर जयकारों और भक्ति गीतों से गूंजता रहा। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः बावड़ी स्थित गणेश जी महाराज के मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना एवं विशेष भोग लगाकर की गई। आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान गणेश की आराधना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की गई। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के समक्ष दीप प्रज्वलित कर सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया तथा परिवार की मंगलकामना की।

पूजा-अर्चना के पश्चात मंदिर परिसर से श्रद्धालुओं का भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस में महिलाएं मंगल गीत गाती हुई चल रही थीं, वहीं युवा भक्त ढोल-नगाड़ों की धुन पर नृत्य करते हुए धार्मिक उत्साह का प्रदर्शन कर रहे थे। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश और भगवान देवनारायण के जयकारों के साथ पूरे गांव का माहौल भक्तिमय बना दिया। जुलूस गांव के विभिन्न मार्गों से होकर पुनः गणेश जी मंदिर पहुंचा, जहां विधिपूर्वक पूजा-अर्चना एवं आरती का आयोजन किया गया।
महोत्सव के समापन अवसर पर सामूहिक रूप से ब्राह्मण भोज एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, श्रद्धालुओं और आसपास के क्षेत्रों से आए लोगों ने पंगत प्रसादी ग्रहण कर धर्म लाभ अर्जित किया। आयोजन समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों ने व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भंडारे में श्रद्धालुओं को प्रेम पूर्वक प्रसादी वितरित की गई।
ग्रामीणों ने बताया कि पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान प्रतिदिन धार्मिक अनुष्ठान, कथा, भजन-कीर्तन एवं पूजा-पाठ के कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें क्षेत्रभर के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महोत्सव ने गांव में सामाजिक समरसता और धार्मिक एकता का संदेश भी दिया। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष श्योजी चेची, प्रहलाद चेची, मुकेश गुर्जर, राजेंद्र कोटवाल, रामजीलाल गुर्जर, प्रधान गुर्जर, रामजस गुर्जर, बिहारी लाल, सूरजमल,देवी लाल,आशाराम सहित कई ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजन के सफल समापन पर समिति सदस्यों ने सभी ग्रामीणों एवं सहयोग कर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

अन्य ख़बरें