राहुल गांधी ने मंगलवार को नॉर्वे में एक महिला जर्नलिस्ट हेली लिंग के सवाल को टालने पर पीएम मोदी की आलोचना की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘जब दुनिया एक कॉम्प्रोमाइज्ड PM को कुछ सवालों से घबराकर भागते हुए देखती है, तो भारत की छवि पर क्या असर पड़ता है। जब छिपाने के लिए कुछ नहीं है तो डरने की भी कोई बात नहीं है।’
राहुल ने हेली की X पोस्ट शेयर करते हुए यह लिखा। दरअसल, PM मोदी ने सोमवार को नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गार स्टोरे के साथ जॉइंट प्रेस मीट की थी, लेकिन मीडिया के सवाल नहीं लिए। मोदी नॉर्वे के 2 दिन के दौरे पर हैं। दौरा आज शाम को खत्म हो जाएगा।
जॉइंट प्रेस मीट के बाद मोदी और जोनास गार जाने लगे तब हेली लिंग ने पूछा, ‘पीएम मोदी आप दुनिया की सबसे आजाद प्रेस के कुछ सवालों के जवाब क्यों नहीं देते।’
जवाब ना मिलने पर हेली ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर लिखा, ‘नॉर्वे वर्ल्ड प्रेस फ्रीडम इंडेक्स में पहले नंबर पर है, जबकि भारत 157वें नंबर पर है। वह इस मामले में फिलीस्तीन, एमीराट्स और क्यूबा से मुकाबला कर रहा है।’भारतीय विदेश मंत्रालय ने 18 मई को हेली लिंग की पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए लिखा कि भारतीय दूतावास आज रात प्रधानमंत्री के दौरे पर एक प्रेस ब्रीफिंग कर रहा है। आप वहां आकर अपने सवाल पूछ सकती हैं।
