सम्भल में 100 किमी प्रति घंटा तक चल सकती है तेज आंधी
जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने नागरिकों से सतर्क रहने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की
सम्भल (बहजोई), मौसम विज्ञान विभाग एवं सचेत ऐप द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जनपद सम्भल में आगामी 24 घंटों के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है। पूर्वानुमान में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, तेज हवाओं एवं हल्की वर्षा की संभावना जताई गई है। जिलाधिकारी सम्भल अंकित खण्डेलवाल ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा है कि आगामी 29 एवं 30 मई को आंधी, तड़ित झंझावत तथा ओलावृष्टि की संभावना है, जिसमें हवा की गति 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। ऐसी स्थिति में सभी नागरिक सुरक्षा मानकों का पूर्ण रूप से पालन करें। जिलाधिकारी ने कहा कि आंधी-तूफान के दौरान लोग अपने घरों के अंदर सुरक्षित रहें तथा बड़े होर्डिंग्स, साइनबोर्ड, कमजोर दीवारों और पुराने पेड़ों के नीचे आश्रय लेने से बचें। मेघगर्जन एवं वज्रपात के समय इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का प्रयोग बंद रखें और खुले मैदान, तालाबों व पेड़ों के नीचे खड़े न हों। इसके अतिरिक्त ओलावृष्टि के दौरान सिर को सुरक्षित ढकने तथा मवेशियों एवं पालतू जानवरों को पक्के शेड के नीचे रखने की सलाह दी गई है। साथ ही जलभराव वाले रास्तों और गिरे हुए बिजली के तारों अथवा खंभों से पर्याप्त दूरी बनाए रखने को कहा गया है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें तथा मौसम विभाग एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
