निवासी बोलीं—शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं
औरैया जिले के बेला। कस्बे में बीती रात अचानक हुई बिन मौसम बारिश के बाद प्रमुख नाले का पानी ओवरफ्लो हो गया, जिससे थाने के सामने स्थित कई दुकानों और आवासीय क्षेत्रों में गंदा पानी घुस गया। पिज़्ज़ा प्वाइंट संचालक प्रवीण कुमार ने बताया कि उनकी दुकान में पानी भर गया। और नाले के बदबूदार पानी के कारण मोहल्ले में दुर्गंध फैल गई है, जिससे स्थानीय जनता में बीमारियों के फैलने का भय बना हुआ है।
प्रवीण ने कहा कि ग्रामीणों ने कई बार मामला स्थानीय प्रधान व मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी दर्ज कराया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि शीतल मिष्ठान भंडार भी इसी स्थिति से प्रभावित है। गंदे पानी को बाहर निकालने के लिए प्रवीण ने खुद पंपिंग सेट लगवाकर नाले का पानी निकाला, वरना दुकान को और नुकसान होने की आशंका थी।
वही मोनू चौबे (बिधूना रोड निवासी) ने कहा कि उनका घर भी पानी में डूब गया है और बदबू के कारण घर में प्रवेश करना मुश्किल हो गया है। मोनू ने बताया कि उन्होंने सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर जांच अधिकारी ने रिपोर्ट बना दी, लेकिन कागजी कार्रवाई के अलावा वास्तविक समस्या जस की तस बनी रही।
स्थानीय दुकानदारों व ग्रामीणों ने कहा कि जब से निर्माण हुआ है आज तक सफाई न होने और अपर्याप्त निकासी व्यवस्था के कारण ही जलभराव की समस्या बार-बार उभरती है। कईयों का कहना है कि मानसून से पहले नाले की सफाई और सिस्टम की मरम्मत आवश्यक है, वरना बार-बार स्वास्थ्य व संपत्ति के नुकसान का खतरा बना रहेगा।
