अरुण जोशी ब्यूरो चीफ बांसवाड़ा
छींच: रक्त की कमी को दूर करने और जरूरतमंद मरीजों को समय पर जीवनदायी रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संजीवनी ब्लड बैंक, बांसवाड़ा एवं छींच युवा क्लब के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, छींच में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। रिमझिम बारिश के बावजूद युवाओं का उत्साह देखते ही बना। बड़ी संख्या में युवा पूरे जोश और सेवा भावना के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे तथा स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता का परिचय दिया।शिविर के दौरान चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. विकास चरपोटा ने कहा कि ब्लड बैंक में रक्त की उपलब्धता बनाए रखने के लिए ऐसे शिविर अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने युवाओं से नियमित रक्तदान करने का आह्वान करते हुए इसे सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य बताया। इस अवसर पर नर्सिंग ऑफिसर मोहन लाल, भारत सिंह डोडियार, शीतल पटेल, ईश्वर एवं एल.टी. नरेश मीणा सहित चिकित्सा दल ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें रक्तदान के प्रति जागरूक किया। शिविर में अस्पताल स्टाफ के साथ-साथ क्षेत्र के अनेक युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। पूरे आयोजन के दौरान सेवा, सहयोग और सामाजिक सरोकार की प्रेरणादायक भावना देखने को मिली।
रक्तदान शिविर के सफल आयोजन में सुबोध पटेल, कल्याण सिंह चौहान, संजय पंड्या, भावेश त्रिवेदी, भारत सिंह, अजय शर्मा सहित अनेक समाजसेवियों एवं युवाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों एवं चिकित्सा टीम का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
