शम्भू दयाल व्यास
ब्यावर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ओर से शुक्रवार को छात्रसंघ अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में सनातन धर्म (एसडी) राजकीय महाविद्यालय, ब्यावर के प्राचार्य को उच्च शिक्षा मंत्री प्रेमचंद बैरवा के नाम पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया। परिषद ने छात्रसंघ चुनावों की शीघ्र बहाली सहित उच्च शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग करते हुए राज्य सरकार से विद्यार्थियों के हित में जल्द निर्णय लेने का आग्रह किया।
ज्ञापन में एबीवीपी ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव लोकतांत्रिक नेतृत्व निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम हैं, लेकिन लंबे समय से चुनाव नहीं होने के कारण विद्यार्थी अपने प्रतिनिधि चुनने के अधिकार से वंचित हैं। परिषद ने प्रत्येक वर्ष नियमित एवं समयबद्ध छात्रसंघ चुनाव कराने की स्थायी व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई।
इसके अलावा विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार, सभी राज्य विश्वविद्यालयों में समान अकादमिक कैलेंडर लागू करने, रिक्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक पदों पर नियमित नियुक्तियां करने, प्रदेश के सभी राजकीय महाविद्यालयों में स्थायी प्राचार्यों की नियुक्ति सुनिश्चित करने तथा सभी विश्वविद्यालयों में राजस्थानी भाषा के स्वतंत्र विभाग स्थापित कर विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की नियमित भर्ती करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
एबीवीपी पदाधिकारियों ने कहा कि शैक्षणिक सत्र में लगातार हो रही देरी से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं एवं रोजगार के अवसरों में नुकसान उठाना पड़ रहा है। यदि समयबद्ध शैक्षणिक व्यवस्था लागू की जाती है तो विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर भविष्य मिल सकेगा।
प्राचार्य ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया कि विद्यार्थियों की मांगों को उच्च शिक्षा मंत्री तक गंभीरता से पहुंचाया जाएगा तथा उनके हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ज्ञापन की प्रतिलिपि राज्यपाल, मुख्यमंत्री, प्रमुख शासन सचिव (उच्च शिक्षा), आयुक्त महाविद्यालय शिक्षा एवं संबंधित कुलगुरुओं को भी प्रेषित की गई।
इस अवसर पर छात्रसंघ अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, उपाध्यक्ष पंकज सिंह, मोहित सोडा, गौतम प्रजापत, मानवेंद्र सिंह, विजय नारायण साहू, तारेश साहू, कुशल दगदी, करण भाटी, मोहित शर्मा, नरेंद्र कतीरिया, पवन मारोठिया, वंश सेन, हिमांशु दगदी, रुद्राक्ष, राजवीर, सलोनी कुमावत, कोमल चौहान, लकीता तुंगरिया, भूमिका, लक्ष्मी, मोनिका सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
