• Mon. Aug 10th, 2026

Chanakya News India

News Broadcast Live TV

विहिप की जिला बैठक में संगठन का विस्तार और आगामी कार्यक्रमों पर विचार

विहिप की जिला बैठक में संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों पर मंथन

सत्संग, सेवा कार्यों और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से हिन्दू समाज को संगठित करने पर दिया जोर

शम्भू दयाल व्यास

ब्यावर। आशापुरा माता धाम ब्यावर में रविवार को विश्व हिन्दू परिषद चित्तौड़ प्रांत के मार्गदर्शन में विहिप ब्यावर जिले की जिला बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रांत संगठन मंत्री नितिन भारत, प्रांत विशेष संपर्क प्रमुख श्याम मनोहर सोनी, विभाग मंत्री लेखराज सिंह राठौड़, विभाग संगठन मंत्री बनवारी लाल तथा मातृशक्ति प्रांत संयोजिका अंजु शर्मा का सानिध्य रहा।

जिलामंत्री गणपत बालोटिया ने बताया कि बैठक के प्रथम सत्र में श्याम मनोहर सोनी ने विश्व हिन्दू परिषद, मातृशक्ति एवं बजरंग दल सहित विभिन्न आयामों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सेवा कार्यों एवं सत्संग के माध्यम से समाज के लोगों को संगठन से जोड़ने तथा राष्ट्र और समाज के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हिन्दू समाज, धर्म और राष्ट्र कार्य के प्रति सक्रिय रहेगा तो देश को कमजोर करने के प्रयास सफल नहीं होंगे।

द्वितीय सत्र में अखण्ड भारत संकल्प दिवस, प्रखंड बैठक, विहिप स्थापना दिवस तथा हित चिंतक अभियान सहित आगामी कार्यक्रमों की प्रखंडवार कार्ययोजना तैयार की गई। इस दौरान विभाग मंत्री लेखराज सिंह एवं जिलामंत्री गणपत बालोटिया ने जिला एवं प्रखंड स्तर पर नवीन दायित्वों की घोषणा की। हिम्मत सिंह सिसोदिया को जिला धर्म प्रसार प्रमुख, सुरेश साहू को जिला समरसता प्रमुख, रेणुका जैथलिया को नगर उपाध्यक्ष तथा राजेंद्र प्रजापत को नगर गौ सेवा प्रमुख का दायित्व सौंपा गया।

तृतीय सत्र में प्रांत संगठन मंत्री नितिन भारत ने कार्यकर्ताओं को दायित्व के अनुरूप संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के लिए प्रवास योजना बनाने, सत्संग, बलोपासना एवं शक्ति साधना केंद्र प्रारंभ कर समाज को जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने संत रविदास जी के 650वें जन्मोत्सव वर्ष तथा स्वर्गीय अशोक सिंघल के जन्मशताब्दी वर्ष के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी भी दी।

बैठक के अंत में जिलाध्यक्ष सुरेश वैष्णव ने आभार व्यक्त किया। संचालन जिला सहमंत्री राजीव मिश्रा एवं एडवोकेट हेमेन्द्र सिंह चौहान ने किया। बैठक में जिला उपाध्यक्ष मुकेश शेखावत, जिला संयोजिका ऊषा जोशी, बजरंग दल जिला संयोजक नारायण सिंह, जिला कोषाध्यक्ष विष्णु बंसल, नगर अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र आनंदानी, नगर मंत्री शैलेश सोनी सहित विभिन्न प्रखंडों से विहिप, मातृशक्ति, दुर्गावाहिनी एवं बजरंग दल के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।