स्थान-सुलतानपुर उत्तर प्रदेश, रिपोर्ट-संतोष कुमार पाण्डेय, विशेष सम्वाददाता चाणक्य न्यूज इंडिया
उत्तर प्रदेश शासन के महत्वाकांक्षी *“मिशन शक्ति फेज-5.0 (द्वितीय चरण)”* के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर *श्रीमती चारू निगम* के निर्देशन में जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं सशक्तिकरण के साथ-साथ साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने हेतु व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के क्रम में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में *मिशन शक्ति टीमों, एंटी रोमियो टीमों एवं महिला बीट पुलिस अधिकारियों* द्वारा विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, बस स्टैंडों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं, छात्र-छात्राओं एवं आमजन से संवाद स्थापित किया गया।
*महिला सुरक्षा एवं टोल-फ्री हेल्पलाइन की दी गई जानकारी*
जागरूकता कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न *टोल-फ्री/हेल्पलाइन नंबरों* की जानकारी देते हुए आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस टीमों द्वारा बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में *112*, महिला संबंधी सहायता के लिए *1090*, चाइल्ड हेल्पलाइन *1098*, महिला हेल्पलाइन *181*, एम्बुलेंस सेवा *108* तथा साइबर अपराध की स्थिति में *1930* पर तत्काल संपर्क किया जा सकता है।
महिलाओं एवं बालिकाओं को यह भी बताया गया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, साइबर अपराध अथवा अन्य अपराध की स्थिति में चुप न रहें तथा निर्भीक होकर पुलिस एवं संबंधित हेल्पलाइन की सहायता लें।
*सरकार की महिला सशक्तिकरण एवं कल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी*
मिशन शक्ति अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को केवल सुरक्षा संबंधी जानकारी ही नहीं, बल्कि *सरकार द्वारा संचालित महिला सशक्तिकरण एवं कल्याणकारी योजनाओं* के बारे में भी जागरूक किया गया।
महिलाओं को *मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, स्वयं सहायता समूह एवं महिला स्वावलंबन से जुड़ी योजनाओं* के संबंध में जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों को संबंधित विभागों के माध्यम से योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।
महिलाओं को *आत्मनिर्भरता, कौशल विकास, स्वरोजगार, शिक्षा एवं आर्थिक सशक्तिकरण* के महत्व के बारे में बताते हुए स्वयं सहायता समूहों एवं शासन द्वारा संचालित रोजगारपरक योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
*ग्राम चौपाल एवं जनसंवाद के माध्यम से जागरूकता*
महिला बीट अधिकारियों एवं मिशन शक्ति टीमों द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में *ग्राम चौपाल, महिला संवाद एवं जनजागरूकता कार्यक्रम* आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी एवं संवैधानिक अधिकारों, घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, बाल विवाह, बाल श्रम एवं महिला उत्पीड़न से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
साथ ही महिलाओं को अपनी समस्याओं को पुलिस एवं संबंधित विभागों तक पहुंचाने, सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा अपने आसपास की अन्य महिलाओं को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
*साइबर सुरक्षा के प्रति भी किया गया जागरूक**
अभियान के दौरान आमजन को *ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी वेबसाइट/ऐप, ओटीपी, एटीएम/डेबिट कार्ड, बैंक खाते एवं पासवर्ड संबंधी गोपनीय जानकारी* किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करने की सलाह दी गई।
पुलिस टीमों ने बताया कि साइबर अपराध होने पर समय गंवाए बिना *राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930* पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे ठगी गई धनराशि को समय रहते सुरक्षित कराने की संभावना बढ़ सके।
*एंटी रोमियो टीमों द्वारा लगातार भ्रमण एवं संवाद*
एंटी रोमियो टीमों द्वारा विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भ्रमण कर महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद स्थापित किया गया। उन्हें आत्मरक्षा, व्यक्तिगत सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा किसी भी संदिग्ध अथवा असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।
*यातायात नियमों के पालन के लिए भी किया गया जागरूक*
अभियान के अंतर्गत यातायात पुलिस एवं थाना पुलिस द्वारा वाहन चालकों एवं आमजन को *हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने* के संबंध में जागरूक किया गया।
सुलतानपुर पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई कि *महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, यातायात सुरक्षा एवं सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं* के संबंध में स्वयं जागरूक बनें तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।
*मिशन शक्ति फेज-5.0 (द्वितीय चरण) के तहत सुलतानपुर पुलिस का व्यापक जनजागरूकता अभियान, महिला सुरक्षा के साथ सशक्तिकरण योजनाओं की दी गई जानकारी*
