गोंडा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। जिले से पहुंची ब्लड कलेक्शन एवं ट्रांसपोर्टेशन वैन में स्वास्थ्यकर्मियों के साथ सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।
शिविर का उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष सत्येन्द्र सिंह ने किया। उन्होंने स्वयं रक्तदान कर लोगों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. राम मोहन सिंह ने नगर पालिका अध्यक्ष को पौधा भेंटकर स्वागत किया।इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिस समर्पित भाव से देश की सेवा कर रहे हैं, उसी तरह प्रत्येक व्यक्ति को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए जनहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। रक्तदान ऐसा पुनीत कार्य है, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर उनकी जान बचाने में मदद मिल सकती है।सीएचसी अधीक्षक ने कहा कि रक्तदान महादान है। किसी जरूरतमंद को समय पर रक्त उपलब्ध होने से उसका जीवन बचाया जा सकता है। इसलिए स्वस्थ लोगों को नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।शिविर में डॉ. देवेंद्र सिंह, डॉ. विनयेश त्रिपाठी, डॉ. अनुपम सिंह, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी विपिन त्रिपाठी समेत कई स्वास्थ्यकर्मियों ने रक्तदान किया। सामाजिक क्षेत्र से रज्जू सिंह, बादशाह अंसारी और लाखन सिंह सहित अन्य लोगों ने भी रक्तदान कर अभियान में सहभागिता की।
गोंडा से जिला रिपोर्टर वैभव शुक्ला की रिपोर्ट प्रधानमंत्री के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर रक्तदान शिविर
